1 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

न्यूजीलैंड ने पांचवें T-20 में भारत को हराया, सीफर्ट-फिलिप्स ने खेली तूफानी पारी, ईशान किशन ने रचा इतिहास

न्यूजीलैंड ने 5वें और आखिरी टी20 मुकाबले में भारत को 7 विकेट से हरा दिया है। इस मुकाबले में सीफर्ट-फिलिप्स ने तूफानी पारी खेली।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Vinay Shakya

•

Updated: 1 Nov 2026, 5:28 PM IST

New zealand beat india

न्यूजीलैंड ने पांचवें T-20 में भारत को हराया (सोर्स- IANS)

हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेले गए 5वें और आखिरी टी20 मुकाबले में भारत को न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से हरा दिया है। टीम इंडिया से मिले 192 रनों के लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने आसानी से 18 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत

भारत के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिन एलन महज 2 रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार बने। इसके बाद टिम सीफर्ट ने डेरिल मिचेल संग मिलकर दूसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 73 रन जोड़े।

मिचेल 16 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हुए। सीफर्ट बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। सीफर्ट को इस सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले ग्लेन फिलिप्स के रूप में बढ़िया जोड़ीदार मिला। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 86 रनों की साझेदारी निभाई। सीफर्ट अपने शतक से चूक गए और 50 गेंदों में 93 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 11 चौके और 5 छक्के लगाए।

फिलिप्स ने खेली नाबाद पारी

भारत-न्यूजीलैंड मुकाबले में फिलिप्स ने इस सीरीज में अपना चौथा अर्द्धशतक लगाया। वह 38 गेंदों में 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर नाबाद रहे। फिलिप्स ने बेवन जैकब्स (नाबाद 1 रन) के साथ मिलकर न्यूजीलैंड को जीत दिलाई। भारत की ओर से गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती, नीतीश कुमार रेड्डी और अर्शदीप सिंह ने एक-एक विकेट चटकाया।

इससे पहले, भारतीय टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 191 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा (1 रन) और संजू सैमसन (4 रन) सस्ते में पवेलियन लौटे। हालांकि, इसके बाद ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 93 रनों की आतिशी साझेदारी निभाई।

ईशान 32 गेंदों में 5 चौके और पांच छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, अय्यर ने 23 गेंदों में 50 रन बनाए। भारतीय कप्तान ने अपनी इस पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए। तिलक वर्मा 6 रन ही बना सके, जबकि नमन धीर ने 23 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाए।

नीतीश कुमार रेड्डी 17 गेंदों में 22 रन बनाकर एडम मिल्ने का शिकार बने। भुवनेश्वर कुमार ने 6 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में एडम मिल्ने ने 4 ओवर के स्पेल में 19 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं, नाथन स्मिथ और ब्लेक टिकनर ने दो-दो विकेट झटके। पांचवें टी20 में न्यूजीलैंड को मिली जीत के बावजूद, भारतीय टीम ने टी20 सीरीज को 3-2 से अपने नाम किया।

ईशान किशन ने टी20 में रचा इतिहास

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए 5वें T-20 मुकाबले में ईशान किशन ने बड़ा रिकार्ड बनाया। ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 61 रनों की दमदार पारी खेली। ईशान ने अपनी इस पारी के दौरान सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ दिया। ईशान टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड सूर्यकुमार के नाम था, जिन्होंने साल 2022 में खेले गए 32 टी20 मुकाबलों में 1164 रन बनाए थे।

ईशान साल 2026 में अब तक खेले गए 37 टी20 मैचों में 1220 रन बना चुके हैं। इसके साथ ही ईशान ने टी20 क्रिकेट में अपने 2 हजार रन भी पूरे कर लिए हैं। वह भारत की ओर से गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 2 हजार रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने हैं। ईशान ने अपने 2 हजार रन 1,345 गेंदें खेलकर पूरे किए।