13 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

2000 से ज्यादा खतों और डायरियों में खामोश मिली कमाल और मीना की कहानी, पर्दे पर बोलेंगे ‘पाकीजा’ रिश्ते के अनकहे किस्से

मीना कुमारी और कमाल अमरोही की अधूरी प्रेम कहानी ने न केवल ‘पाकीजा’ को जन्म दिया, बल्कि हमें सिखाया कि कला और प्यार का बंधन कितना गहरा हो सकता है। फिल्म कमाल और मीना की चर्चा के बीच जानिए कमाल के प्रेम और मीना की जद्दोजहद के बीच रिश्तों की अहमियत
6 min read
Google source verification

image

Sanjana Kumar

Sep 11, 2026

Kamal Aur Meena

Kamal Aur Meena: कमाल अमरोही का प्यार और मीना कुमारी की जद्दोजहद की कहानी। (photo left wikipedia, right- anasnaceer instagram account)

Kamal Aur Meena: कुछ रिश्ते मुकम्मल होकर भी अधूरे रह जाते हैं और कुछ अधूरे होकर भी हमेशा के लिए अमर। मीना कुमारी और कमाल अमरोही का रिश्ता भी कुछ ऐसा ही था। इस रिश्ते में मोहब्बत थी, खत थे, खामोशियां और दूरियां थीं। और एक ऐसा सपना भी, जिसने दोनों को अलग होने के बाद भी एक-दूजे से जोड़े रखा। और यह सपना था पाकीजा।

मीना कुमारी ने पर्दे पर जितनी कहानियां जिंदा कीं, उनकी अपनी जिंदगी भी उतनी ही भावुक और उतार-चढ़ाव से भरी थी। कमाल से उनका रिश्ता कभी बेहद करीब आया तो कभी इतनी दूरियां कि दोनों अलग हो गए। लेकिन एक फिल्म पाकीजा जो अधूरी रह गई थी। शायद उसी ने इस रिश्ते की आखिरी डोर थाम रखी थी। पांच साल बाद जब मीना पाकीजा के सेट पर लौटीं, तो कमाल ने उनका स्वागत किसी लंबे संवाद से नहीं, बल्कि एक पेड़े से किया। वो पल, जब यह पेड़ा सिर्फ एक मिठाई नहीं थी, बल्कि बरसों की दूरी के बाद एक खामोश सलाम जैसा था।

आज जब कमाल और मीना फिल्म को लेकर चर्चा है, तो उनकी कहानी को सिर्फ प्रेम, शादी और विवाद के चश्मे से देखना असल में अधूरापन होगा। उनकी जिंदगी में ऐसे कई किस्से हैं, जो कम सुने गए हैं। इन किस्सों में कमाल की ओर से रोज लिखे जाने वाले खतों और पाकीजा के लिए मीना का असाधारण समर्पण और टूटते रिश्ते के बीच भी उस फिल्म को पूरा करने की जिद भी थी। patrika.com पर जानिए कमाल और मीना की जिंदगी के ऐसे किस्से जो असल में पर्दे पर दिखने वाली इमोशनल कहानियों से भी ज्यादा भावुक करने वाले हैं।

कमाल का जुनून और मीना की जद्दोजहद थी पाकीजा

मीना कुमारी और कमाल अमरोही की जिंदगी और फिल्म ‘पाकीजा’ की कहानी में प्रेम, दूरी, खत, अधूरापन और एक लंबा संघर्ष तो था, लेकिन यह कहानी सिर्फ एक फिल्म की नहीं, बल्कि एक टूटते रिश्ते, एक कलाकार की जद्दोजहद और एक निर्देशक की जुनून की भी है।

दोनों के स्ट्रगल और इमोशन को कुछ ऐसे समझें

शुरुआत और पहला खत

कमाल अमरोही ने 1956 में ‘पाकीजा’ का खाका तैयार किया था, जिसे उन्होंने मीना कुमारी के लिए लिखा था। मीना कुमारी, कमाल अमरोही की पत्नी और उस समय की मशहूर अभिनेत्री थीं। कहा जाता है कि फिल्म के मुहूर्त के दौरान मीना ने एक कविता का पर्चा अपने सहायक के जरिए कमाल को भेजा, जिसमें उन्होंने अपने प्रेम की गहराई बयान की थी। यह एक छुपा रिश्ता था, जिसे मीना कुमारी ने शब्दों में बयां किया।

जब यही खत बन गए थे मोहब्बत की जबान

मीना कुमारी और कमाल अमरोही की प्रेम कहानी में सबसे खूबसूरत और यादगार चीजें शायद उनके बीच लिखे गए वे खत थे, जिनमें दोनों ने अपने रिश्ते, भावनाओं और जिंदगी के कई अनकहे पहलुओं को शब्द दिए। यह रिश्ता सिर्फ मुलाकातों और फिल्मों तक सीमित नहीं था। दोनों के बीच लिखे गए पत्र आज भी उनके रिश्ते को समझने का एक अहम दस्तावेज माने जाते हैं।

कमाल और मीना की फिल्म की पटकथा खत और डायरी नोट पर है बेस्ड

दिलचस्प बात यह है कि बरसों बाद जब इस रिश्ते पर फिल्म बनाने की तैयारी हुई तो निर्माताओं के पास महज किस्से या लोगों की बताई हुई बातें नहीं थीं, बल्कि मीना कुमारी और कमाल अमरोही की अपनी लिखी हुई यह बातें भी थीं। निर्देशक सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के मुताबिक, फिल्म की पटकथा तैयार करने में 2,000 से ज्यादा handwritten letters और diary notes का इस्तेमाल किया गया है।

यानी उनकी प्रेम कहानी को पर्दे पर हम किसी तीसरे व्यक्ति की नजर से नहीं, बल्कि काफी हद तक उन्हीं दोनों के शब्दों के जरिए देख और महसूस कर सकेंगे।

पाकीजा से बढ़ गई खतों की अहमियत

इन खतों की अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि मीना और कमाल का रिश्ता बेहद उतार-चढ़ाव भरा था। इसमें मोहब्बत के साथ रचनात्मक साझेदारी, मतभेद, दूरी और फिर एक-दूसरे से जुड़ाव के कई दौर आए। पाकीजा इसी रिश्ते की सबसे बड़ी रचनात्मक विरासत बनी।

आज जब कमाल और मीना की कहानी दोबारा बड़े पर्दे पर आने की चर्चा है, तो ये खत उस दौर की एक ऐसी खिड़की खोलते हैं, जहां मीना कुमारी सिर्फ 'ट्रेजेडी क्वीन' नहीं थीं और कमाल अमरोही सिर्फ उनके पति या फिल्म निर्देशक नहीं थे। इन निजी दस्तावेजों में दो ऐसे लोगों की आवाजें मिलती हैं, जिन्होंने एक-दूसरे से प्यार भी किया, साथ काम भी किया और अपने रिश्ते के कठिन दौर भी देखे।

शूटिंग का लंबा सफर और दूरी

‘पाकीजा’ की शूटिंग कई बार रुकी। 1964 में मीना और कमाल का तलाक हो गया, जिससे फिल्म का काम ठप हो गया। इसके बावजूद मीना ने वादा निभाया और पांच साल बाद 1969 में शूटिंग फिर शुरू हुई। इस बीच मीना की तबीयत बिगड़ गई। 1968 में उन्हें लिवर सिरोसिस हुआ और विदेश में इलाज भी करवाना पड़ा।

अधूरी फिल्म और बॉडी डबल

मीना की बीमारी और अस्थिरता के कारण कई दृश्यों में उनकी जगह बॉडी डबल का इस्तेमाल हुआ। इस तरह फिल्म का निर्माण अधूरा सा रह गया, लेकिन फिर भी इसे पूरा करने की कोशिश जारी रही।

प्रेम, अफवाह और दूरी

मीडिया में यह अफवाहें भी उड़ीं कि धर्मेंद्र को फिल्म में कास्ट किया जाना था, लेकिन मीना और धर्मेंद्र के बीच कथित नजदीकियों के कारण कमाल ने उन्हें हटा दिया और राज कुमार को लीड रोल दिया गया। यह अफवाहें फिल्म की जद्दोजहद में एक और मोड़ थीं।

रिलीज और सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्म बनी

जैसे-तैसे पूरी हुई ‘पाकीजा’ 4 फरवरी 1972 को रिलीज हुई। यह मीना कुमारी की जिंदगी में आखिरी रिलीज हुई फिल्म थी। उनकी मृत्यु कुछ ही हफ्तों बाद हो गई। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता पाई। लगभग 60 मिलियन रुपए की कमाई के साथ यह फिल्म साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बनी।

कलात्मक सौंदर्य और भावनात्मक गहराई ने जीता दिल

‘पाकीजा’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि कमाल अमरोही की शायरी और शिल्प का प्रदर्शन थी। ट्रेन की सीटी, खत का हवा में उड़ना, हर फ्रेम मानो एक पेंटिंग हो। इन सबने फिल्म को एक अलग आयाम दिया। यतींद्र मिश्र ने अपनी किताब ‘हमसफर’ में संगीत की प्रमाणिकता और दृश्य सौंदर्य की तारीफ की है।

ये भी जरूर जानें

जब मीना ने दुनिया से छिपाकर कमाल का हाथ थामा

मीना कुमारी और कमाल अमरोही की शादी 14 फरवरी 1952 को हुई थी। यह शादी बेहद निजी और गुपचुप तरीके से हुई। दोनों ने साधारण निकाह किया, जिसमें काजी और मीना की छोटी बहन मधु मौजूद थीं। उस समय मीना कुमारी करीब 18-19 साल की थीं।

यहां गौर करने वाली बात यह कि कमाल अमरोही पहले से शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी थे। इसलिए इस रिश्ते को सार्वजनिक करना दोनों के लिए आसान नहीं था।

शादी के बाद भी यह रिश्ता सिर्फ निजी जिंदगी तक सीमित नहीं रहा। दोनों की पेशेवर दुनिया भी एक-दूसरे से जुड़ने लगी। और यही वो दौर था जब कमाल ने एक ऐसी फिल्म बनाई, जिसे उनकी अपनी प्रेम कहानी की परछाईं माना जाता है, दायरा।

दायरा पर्दे पर आई, कमाल और मीना की अपनी कहानी

1953 में कमाल अमरोही ने दायरा बनाई। इसमें मीना कुमारी और नासिर खान मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म की कहानी एक ऐसे रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें उम्र का बड़ा अंतर है और समाज उस रिश्ते को आसानी से स्वीकार नहीं करता। जानकार बताते हैं कि फिल्म की कहानी कमाल अमरोही और मीना कुमारी के अपने रिश्ते से loosely inspired थी।

फिल्म की कहानी में एक युवा महिला अपने उम्रदराज पति के साथ रिश्ते में बंधी है। उसके आसपास के लोग इस रिश्ते को अलग नजर से देखते हैं। यानी पर्दे पर दिखाई गई कहानी में भी उम्र का फासला, समाज की नजर और रिश्ते की जटिलता मौजूद थी।

ये ऐसे पहलू थे जो कमाल और मीना की निजी जिंदगी से भी जोड़कर देखे गए।

लेकिन दिलचस्प बात यह है कि दायरा बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर सकी। बाद में यही असफलता कमाल अमरोही के लिए एक चुनौती भी बनी और उन्होंने ऐसी फिल्म बनाने का सपना देखा जो उनकी पहचान को और मजबूत करे और मीना कुमारी के लिए भी एक खास रचना हो, जो कमाल उन्हें समर्पित कर सकें। यही सफर आगे चलकर पाकीजा के मुकाम तक पहुंचा। दायरा के बाद पाकीजा के जरिए जब उनका निजी रिश्ता और उनका सिनेमा पहली बार इतनी साफ तरह एक-दूसरे में दिखाई देने लगा था।

अंत में क्या बचा?

‘पाकीजा’ की कहानी प्रेम और दूरी, खत और अधूरापन, एक टूटते रिश्ते और एक कलाकार की जद्दोजहद की कहानी है। मीना कुमारी ने अपनी आखिरी फिल्म में वह सब दे दिया जो उनके भीतर था। उनकी असल जिंदगी की पीड़ा और कला का संगम। कमाल अमरोही ने अपनी प्रेम कहानी को एक भव्य फिल्म में बदलने की कोशिश की, जो आखिरकार एक क्लासिक फिल्म बनकर उभरी।

यह कहानी हमें याद दिलाती है कि कला और जीवन कितने गहरे जुड़े होते हैं। कभी अधूरे, कभी दर्द से भरे, लेकिन हमेशा सच्चे। और ‘पाकीजा’ उस सच्चाई का एक अमिट दस्तावेज है। आज जब हम ‘पाकीजा’ देखते हैं, तो सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक प्रेम कहानी, एक संघर्ष और एक कलाकार की आत्मा देखते हैं। यह हमें याद दिलाती है कि असली कला जीवन से निकलती है और जीवन की असलियत को पर्दे पर उतारना ही उसकी ताकत है।