14 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

विश्व मधुमेह दिवस: समय पर जांच, स्वस्थ जीवनशैली और जागरूकता ही बचाव का आधार, कैसे रखें सेहत का खयाल?

मधुमेह (Diabetes) की बीमारी दुनियाभर में तेजी से फैल रही है। इसकी समय पर पहचान और नियमित जांच बेहद जरूरी है। स्वस्थ खानपान, नियमित व्यायाम और दिनचर्या में बदलाव से टाइप-2 डायबिटीज का खतरा कम जा सकता है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Vinay Shakya

•

Updated: 14 Nov 2026, 4:33 PM IST

Ways to prevent diabetes

सांकेतिक इमेज (सोर्स- Janani AI)

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, खानपान की बदलती आदतों और शारीरिक गतिविधियों में कमी ने स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां बढ़ा दी हैं। मधुमेह यानी डायबिटीज इनमें एक गंभीर बीमारी है, जो तेजी से दुनिया भर में फैल रही है। पहले इसे मुख्य रूप से अधिक उम्र के लोगों से जुड़ी बीमारी माना जाता था, लेकिन अब बच्चे, किशोर और युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं।

सबसे बड़ी चिंता यह है कि शुरुआती दौर में अक्सर इसके लक्षण स्पष्ट नहीं होते, जिससे अनेक लोगों को लंबे समय तक बीमारी का पता नहीं चलता। समय पर पहचान और उपचार न मिलने पर यह शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचा सकती है। ऐसे में जागरूकता, नियमित जांच और स्वस्थ जीवन शैली अपनाना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से हर साल 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस मनाया जाता है, जो लोगों को इस बीमारी के प्रति सजग रहने और बचाव के लिए जरूरी कदम उठाने की प्रेरणा देता है।

विश्व मधुमेह दिवस का इतिहास

चिकित्सा विज्ञान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि से जुड़ा है। 14 नवंबर 1891 को इंसुलिन की खोज में अहम भूमिका निभाने वाले वैज्ञानिक सर फ्रेडरिक बैंटिंग का जन्म हुआ था। उन्होंने सहयोगी चार्ल्स बेस्ट के साथ 1921 में इंसुलिन की खोज में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस खोज ने मधुमेह के उपचार की दिशा बदल दी और गंभीर मरीजों के लिए जीवन की उम्मीद जगाई।

बीमारी के बढ़ते प्रसार और जागरूकता की जरूरत को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय मधुमेह महासंघ (आईडीएफ) और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने 1991 में विश्व मधुमेह दिवस मनाने की शुरुआत की। वर्ष 2006 में संयुक्त राष्ट्र ने इसे आधिकारिक मान्यता दी। इस दिवस का प्रतीक नीला वृत्त है, जिसे 2007 में अपनाया गया। यह प्रतीक दुनिया भर में मधुमेह के खिलाफ एकजुटता और सामूहिक प्रयास का संदेश देता है।

दुनिया में तेजी से बढ़ रही है डायबिटीज की समस्या

मधुमेह या डायबिटीज की समस्या अब वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती बन चुकी है। अंतरराष्ट्रीय मधुमेह महासंघ (आईडीएफ) की वर्ष 2025 में जारी 11वीं डायबिटीज एटलस के अनुसार, 2024 में दुनिया भर में 20 से 79 वर्ष आयु वर्ग के करीब 58.9 करोड़ लोग मधुमेह से पीड़ित थे, जो इस आयु वर्ग की आबादी का 11.1 प्रतिशत है।

अनुमान है कि 2050 तक यह संख्या बढ़कर 85.3 करोड़ से अधिक हो जाएगी। चिंताजनक बात यह है कि दुनिया में मधुमेह से पीड़ित चार में से एक से अधिक व्यक्ति अपनी बीमारी से अनजान है। भारत में भी यह समस्या तेजी से बढ़ रही है।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के सहयोग से किए गए आईसीएमआर-इंडियाब अध्ययन के अनुसार, 2021 में देश में लगभग 10.1 करोड़ लोग मधुमेह से पीड़ित थे, जबकि 13.6 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज की स्थिति में थे। इसमें रक्त शर्करा सामान्य से अधिक, लेकिन मधुमेह की निर्धारित सीमा से कम होती है। इस अवस्था में जीवनशैली सुधारकर टाइप-2 मधुमेह का खतरा घटाया जा सकता है। यह समस्या महानगरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेजी से फैल रही है।

शुरुआती लक्षणों को पहचानना बेहद जरूरी

मधुमेह को अक्सर साइलेंट बीमारी कहा जाता है, क्योंकि शुरुआती दौर में इसके लक्षण स्पष्ट नहीं होते। विशेषकर टाइप-2 मधुमेह धीरे-धीरे विकसित होता है। इसके प्रमुख लक्षणों में बार-बार प्यास लगना, अधिक पेशाब आना, भूख बढ़ना, बिना वजह वजन घटना, थकान, धुंधला दिखाई देना, घाव देर से भरना, त्वचा संक्रमण और हाथ-पैरों में झनझनाहट शामिल हैं। इन्हें सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

मधुमेह की पहचान के लिए फास्टिंग ब्लड शुगर, भोजन के बाद रक्त शर्करा और एचबीए1सी जांच की जाती है। एचबीए1सी से पिछले लगभग तीन महीनों के औसत शुगर स्तर का पता चलता है। सामान्यतः 6.5 प्रतिशत या इससे अधिक स्तर मधुमेह का संकेत है। परिवार में बीमारी का इतिहास, अधिक वजन या उच्च रक्तचाप होने पर नियमित जांच जरूरी है।