
अहमदाबाद. केंद्रीय जहाजरानी व जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भावनगर जिले के घोघा में घोघा और सूरत जिले के हजीरा के बीच चलने वाली रो-रो फेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने सौर ऊर्जा से चलने वाली फेरी की विभिन्न विशेषताओं के बारे में जानकारी ली। विभिन्न श्रेणियों के पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था, स्लीपर केबिन, लाउंज और कैफेटेरिया आदि के लिए सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। सोनोवाल ने कहा कि घोघा और हजीरा के बीच की दूरी को पूरा करने में सडक़ मार्ग से 10-12 घंटे लगते हैं लेकिन, पर्यावरण के अनुकूल फेरी में यह दूरी केवल 3 घंटे में तय की जा सकती है। इस फेरी से गुजरात के लोग आसानी से यात्रा कर सकते हैं और अपना समय बचा सकते हैं। सोनोवाल ने भावनगर में कंटेनर निर्माण इकाई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भारत के समुद्री जलमार्गों और अंतर्देशीय जलमार्गों को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सांसद डॉ. भारतीबेन शियाल, जहाजरानी सचिव डॉ. संजीव रंजन, अतिरिक्त सचिव राजेश कुमार सिन्हा, संयुक्त सचिव भूषण कुमार, आईपीए के अध्यक्ष राजीव जलोटा, कलक्टर योगेश नीरगुडे, पुलिस अधीक्षक रविंद्र पटेल, डीपीए के अध्यक्ष एस के मेहता, उपाध्यक्ष नंदीश शुक्ला, राष्ट्रीय नौवहन बोर्ड के सदस्य राहुल मोदी मौजूद थे।

केंद्रीय जहाजरानी व जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भावनगर जिले के घोघा में सौर ऊर्जा से चलने वाली फेरी की विभिन्न विशेषताओं के बारे में जानकारी ली।