
भगवान श्री राम के मंदिर निर्माण के साथ लाखों की संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन अयोध्या पहुंचेंगे। इसको लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट तैयारियों में लगा है। ट्रस्ट का कहना है कि अयोध्या आने वाले तीर्थयात्रियों को असुविधा न हो इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा।

अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए श्रीराम जन्मभूमि पथ का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी चौड़ाई लगभग 100 मीटर है। यात्री जिस रास्ते से राम जन्मभूमि परिसर में प्रवेश करेंगे उसी रास्ते से वो बाहर वापस आएंगे।

राम जन्मभूमि पथ से राम जन्मभूमि परिसर तक बैटरी से चलने वाली गाड़ियां चलाई जाएंगी। इससे दिव्यांगजन और वृद्धजनों को चलने में दिक्कत नहीं होगी। श्रद्धालुओं को अपना सामान रखने के लिए व्यवस्था भी निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

ट्रस्ट का कहना है कि श्रद्धालुओं को परिसर के आसपास ही पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था भी दी जाएगी। इससे लोगों को असुविधा नहीं होगी। वो सीधे राम जन्मभूमि परिसर तक पहुंच सकेंगे। इसके लिए उन्हें कम से कम पद यात्रा करनी पड़ेगी।

राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव ने बताया कि राम जन्म भूमि के आसपास के मंदिरों में कम से कम तोड़फोड़ हो। मठों व मंदिरों का स्वरूप बना रहे। इसके साथ ही यात्रियों को कम से कम चलना पड़े और निकटतम पार्किंग की व्यवस्था हो।