
किस व्यक्ति को जीवन में कितना मिलेगा वो उसकी किस्मत पर निर्भर करता है और व्यक्ति का भाग्य उसकी हाथों की लकीरों में छिपा होता है। मगर व्यक्ति की किस्मत का पता उसके पैरों की अंगुलियों के आकार से भी लगाया जा सकता है। तो कौन से पैरों वाले लोग होते है खुशनसीब और किन्हें मिलता है गम आइए जानते हैं।

जिन लोगों के पैरों की सबसे छोटी अंगुली के पहले वाली अंगुली थोड़ी झुकी होती है, ऐसे लोगों का वैवाहिक जीवन अच्छा नहीं रहता है। इनके रिश्ते में अक्सर तनाव बना रहता है। जिसके चलते कई बार संबंध विच्छेद भी हो जाता है।

ऐसे लोगों को अपनी मोहब्बत को पाने के लिए भी बड़ी मेहनत करनी पड़ती है। इन पर कोई जल्दी भरोसा नहीं कर पाता है। ऐसे लोग अपने प्यार को पा लेने के बाद भी संतुष्ट नहीं होते हैं। ये उससे और ज्यादा अपेक्षाएं रखते हैं। जिनके पूरे न होने पर इनके बीच दूरियां आ जाती हैं।

जिन लोगों के पैरों में अंगूठे के बाद वाली अंगुली बड़ी होती है, जबकि बाकी अंगुलियां उससे छोटी होती हैं। ऐसे लोग दूसरों से हटकर होते हैं। इन्हें नए—नए काम करना पसंद होता है। ये लीग से अलग हटकर काम करना चाहते हैं। इनके इस स्वभाव के चलते कई बार इन्हें अपमान का भी सामना करना पड़ता है।

ये लोग मेहनती भी काफी होते हैं, इसलिए ये जो काम हाथ में लेते हैं उसे पूरा किए बिना पीछे नहीं हटते हैं। इनके जुदा अंदाज की वजह से इनके दोस्त कम होते हैं। ये जल्दी घुल—मिल नहीं पाते हैं।

जिन लोगों के पैरों में अंगुलियां घटते हुए क्रम में होती हैं, ऐसे लोग अखडू स्वभाव के होते हैं। ये लोग हमेशा अपनी बात को तवज्जो दिलाना चाहते हैं। मगर जब उनकी बात नहीं बनती है तो ये गुस्सा हो जाते हैं। कई बार वो गुस्से में दूसरों को उलटा—सीधा भी बोल देते हैं।

जिनके पैरों में अंगूठे को छोड़कर बाकी सभी अंगुलियां एक बराबर होती है ऐसे व्यक्ति बहुत शांत स्वभाव के होते हैं। ये जल्दी गुस्सा नहीं करते हैं। ये हर काम बहुत आराम से करना पसंद करते हैं, इसलिए इन्हें आलसी भी माना जाता है।

जिन व्यक्तियों के पैरों में अंगूठे के बगल वाली दो अंगुलियां बड़ी होती हैं। ऐसे लोग बहुत मेहनती होते हैं। ये हर काम को दिल से करते हैं, इसी वजह से इन्हें सफलता भी मिलती है। समाज में भी इनकी प्रतिष्ठा होती है। लोग इनके काम की सराहना करते हैं।

जिन लोगों के पैरों में उनका अंगूठा सबसे चौड़ा होता है ऐसे लोग बहुत चालाक होते हैं। ऐसे लोग किसी से भी अपना काम आसानी से निकलवा सकते हैं। ये लोग प्रतिभाशाली भी होते हैं। ये हर काम को करने में माहिर होते हैं।

जिन लोगों के पैरों की शुरू की चार अंगुलियां बड़ी होती हैं ऐसे लोग अपने परिवार को बहुत सम्मान देते हैं। इनकी पहली प्राथमिकता ही वो होते हैं। ऐसे लोग अपने घरवालों के लिए कुछ भी बुरा नहीं सुन सकते हैं। इसलिए ये अपनी जिम्मेदारियों को भी अच्छे से समझते और उनका पालन करते हैं।