
सेवन डोर फाउण्डेशन के तत्वावधान में सोमवार शाम को 'हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा' अभियान के तहत तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

संस्था के चेयरमैन सुखदेव मनिहार ने बताया कि तिरंगा हमारी आन, बान, शान है। संस्था का एक ही लक्ष्य है कि पूरा नागौर शहर तिरंगामय हो जाए। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हर छत पर तिरंगा लहराते हुए नजर आए। तिरंगा यात्रा में सुप्रीम पब्लिक स्कूल, सेंट पॉल स्कूल, एजुकेशन पॉइंट, सॉफ्टबॉल एकेडमी की छात्राएं व छात्रों ने भाग लिया।

तिरंगा यात्रा शहर के विभिन्न मोहल्लों से गुजरी तो शहरवासियों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। यात्रा को सफल बनाने में भाजपा की मंजू सामरिया, अनुपमा उपाध्याय, सावित्री दरक, संतोष मंत्री, आरती मनिहार, रामधन खाती, सत्यनारायण वैष्णव, मुकेश तोषनीवाल, राधेश्याम टोगसिया, दामोदर मनिहार आदि का सहयोग रहा।

तिरंगा यात्रा को सभापति पायल गहलोत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में शामिल बच्चे, युवतियां और महिलाओं ने जब हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाए तो शहर का वातावरण देशभक्तिमय हो गया।

तिरंगा यात्रा आर्य समाज भवन से रवाना होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली।इस मौके पर समाजसेविका नीलू खड़लोया ने भारत माता की जीवंत झांकी सजाई। पूजा गहलोत भारत माता बनी। महावीर गहलोत व पंकज गहलोत ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' आजादी का अमृत महोत्सव का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य लोगों को घर पर तिरंगा लगाने और भारत की आजादी की 77वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में इसे फहराने के लिए प्रोत्साहित करना है।

सामूहिक रूप से झंडे को घर पर लगाना न केवल तिरंगे के साथ व्यक्तिगत जुड़ाव का प्रतीक है, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है।