
LPG cylinder crisis: छत्तीसगढ़ के रायपुर में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर अचानक से लोग परेशान हो उठे हैं। दरअसल सर्वर डाउन होने और हेल्पलाइन नंबर पर कोई जवाब नहीं मिलने से लोगों की चिंता बढ़ गई।

वे ऑनलाइन बुकिंग के बाद होम डिलीवरी का इंतजार करने की जगह खुद ही गैस गोदाम पहुंच रहे हैं।

इसमें सबसे अधिक महिलाएं परेशान हो रही हैं। प्रशासन की तरफ से लोगों को पैनिक न होने की अपील की जा रही है लेकिन हालात सुधारने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

राजधानी में कमर्शियल गैस सिलेंडर की रुकावट ने होटल, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड कारोबारियों की टेंशन बढ़ा दी है।

गैस की अनिश्चित आपूर्ति के कारण कई दुकानदार सीमित स्टॉक के सहारे काम चला रहे हैं, जबकि कुछ ने वैकल्पिक व्यवस्था अपनानी शुरू कर दी है।

शुक्रवार शाम पत्रिका टीम ने आमानाका, एनआईटी कैंपस और कटोरा तालाब स्थित स्ट्रीट फूड सेंटर्स का जायजा लिया तो दुकानदारों की मिलीजुली प्रतिक्रिया सामने आई।

कोई सिगड़ी, लकड़ी और कोयले का सहारा ले रहा है तो कुछ इलेक्ट्रॉनिक चूल्हों की ओर बढ़ रहे हैं।

वहीं कई दुकानदारों का कहना है कि यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो दुकान बंद करने की नौबत आ सकती है।
