
एंटीक और रेट्रो लुक के लैम्प्स आ रहे पसंद - घर की सुंदरता को बढ़ाने के लिए लैम्प हमेशा से ही पसंद किए जाते रहे हैं। लेकिन इन दिनों लैम्प्स के जरिए घर को रेट्रो लुक देने का चलन देखा जा रहा है। मार्केट में एंटीक और रेट्रो लुक के लैम्प्स की डिमांड तेजी से बढ़ रही है। इसके अलावा लाइट्स में भी कई इनोवेशंस देखे जा रहे हैं। फिलामेंट बल्ब लैम्प्स के अंदर काफी पॉपुलर हो रहे हैं। ये न सिर्फ तेज रोशनी देते हैं, बल्कि लैम्प के लुक को भी बढ़ाते हैं। दूसरी ओर, किड्स के लिए भी विशेष लैम्प्स शहरवासियों को अपनी ओर अट्रैक्ट कर रहे हैं। इनकी रोशनी से लेकर आकार तक, सभी कुछ क्रिएशन से भरा हुआ है। बच्चों को अट्रैक्ट करने वाले ये लैम्प्स चाइना से इम्पोर्ट किए जा रहे हैं, साथ ही बच्चों की पसंद को देखते हुए शहर में भी बनवाए जा रहे हैं।

किड्स लैम्प्स में दिख रहा है क्रिएशन - किड्स लैम्प्स में भी काफी क्रिएशन देखे जा रहे हैं। बच्चों की पसंद के अनुसार इन्हें तैयार किया जा रहा है। इनमें बच्चों की पसंद के कार्टून कैरेक्टर्स, टॉय डिजाइन व बैलून हैंगिंग लैम्प का क्रिएशन देखा जा सकता है। जयपुर में किड्स लैम्प्स का कॉन्सेप्ट तेजी से चल निकला है। एक्सपर्ट आकांक्षा डागा बताती हैं कि हमारे पास किड्स लैम्प्स की ज्यादा डिमांड आ रही है। शहरवासी किड्स रूम के अनुसार लैम्प्स एंड डिफरेंट लाइट्स पसंद कर रहे हैं। रेट्रो लुक वाले लैम्प्स की भी डिमांड रहती है। ये लैम्प्स दो हजार से डेढ़ लाख रुपए तक बिक रहे हैं।

ग्लास की बजाय मेटल - इन दिनों ग्लास से ज्यादा मेटल के लैम्प पसंद किए जा रहे हैं। यह यूनीक और रेट्रो लुक देते हैं, जिनसे घर को यूनीक डेकोर दिया जा सकता है। इनकी कीमत हजारों में है। शहर में कुछ लैम्प्स तो लाखों रुपए तक में बिक रहे हैं। हैंगिंग के अलावा वॉल लैम्प्स, सभी में विस्तृत रेंज देखी जा सकती है। शहर के एक लैम्प विक्रेता भारतेन्दु अग्रवाल बताते हैं कि एक बार फिर रेट्रो लुक लैम्प्स का चलन देखा जा रहा है। शहरवासी इन्हें काफी पसंद कर रहे हैं। ये हर तरह के पैटर्न में उपलब्ध हैं। इनमें भी कांच की बजाय मेटल और टेराकोटा को पसंद किया जा रहा है। इसके अलावा जूट से बने लैम्प्स भी घर की शोभा को बढ़ा रहे हैं।