
एयर स्ट्राइक पर बोले गृह मंत्री राजनाथ, बालाकोट में कितने आतंकी मारे गए एक दिन सबको पता चल जाएगा
नई दिल्ली। पाकिस्तान के बालाकोट में 26 फरवरी को वायुसेना की एयर स्ट्राइक में कितने आतंकी मारे गए....? ये एक ऐसा सवाल है जिसे लेकर जमकर सियासी रोटियां सेंकी जा रही है। अब केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि एक दिन सबको पता चल जाएगा कि बालाकोट में कितने आतंकवादी मारे गए हैं।
राजनाथ ने किया NTRO के दावे का जिक्र
गृह मंत्री ने कहा कि नेशनल टेक्निकल रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (NTRO) का दावा है कि एयर स्ट्राइक के वक्त बालाकोट में करीब तीन सौ मोबाइल फोन एक्टिव थे। एक दिन सबको पता चल जाएगा कि आखिर कितने आतंकवादी मारे गए हैं। वहीं विपक्ष पर हमला बोलते हुए सिंह ने कहा कि अगर फिर भी कांग्रेस यह जानना चाहती है कि हमले में कितने आतंकी मारे गए हैं तो वह पाकिस्तान जाकर शवों को गिन सकती है।
हमले के वक्त कैंप में थे करीब 300 लोग: NTRO
NTRO ने सोमवार को बताया कि हमले के वक्त बालाकोट में करीब तीन सौ मोबाइल फोन एक्टिव थे। अब इससे लगभग साफ है कि भारतीय वायुसेना ने जिस समय जैश-ए-मोहम्मद के कैंपों पर हमला किया, वहां करीब तीन सौ आतंकी मौजूद थे। इसी जानकारी के बाद वायुसेना के मिराज लड़ाकू विमानों ने जैश के कैंप पर एयर स्ट्राइक की थी।
अमित शाह ने कहा था- मारे गए 250 आतंकी
बता दें कि 3 मार्च को अहमदाबाद में एक कार्यक्रम में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के एक बयान से खलबली मचा दी। शाह ने कहा कि पुलवामा हमले के बाद हर कोई यह सोच रहा था कि सर्जिकल स्ट्राइक नहीं की जा सकेगी, अब क्या होगा? लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया और फिर वायुसेना ने पुलवामा हमले के 13वें दिन एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान के अंदर आतंकी अड्डों को नेस्तनाबूद कर दिया। इस ऑपरेशन में 250 से अधिक आतंकी मारे गए।
Published on:
05 Mar 2019 07:23 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
