11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अटल का अपमान! दिग्गज भाजपाइयों ने अस्थियों के साथ की उल्टी-सीधी हरकतें, शाह लेंगे क्लास

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां देशभर की नदियों में प्रवाहित किया जा रहा है। इसी बीच कुछ ऐसी तस्वीरें भी आई हैं जिसमें बीजेपी के ही नेता अस्थी कलश यात्रा के दौरान बेहद आपत्तिजनक व्यवहार करते दिख रहे हैं।

2 min read
Google source verification

image

Chandra Prakash Chourasia

Aug 25, 2018

Atal Ji kalash

अटल का अपमान! दिग्गज भाजपाइयों ने अस्थियों के साथ की उल्टी-सीधी हरकतें, शाह लेंगे क्लास

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा के दौरान हंसी-ठिठोली और उल्टी-सीधी हरकतें करते कैमरे में कैद नेताओं की अब शामत आ गई है। खबर है कि बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पार्टी नेताओं की इन हरकतों से नाराज हैं और उन्हें दिल्ली तलब किया गया है। शाह ने कहा है कि नेताओं के इस व्यवहार से पार्टी की छवि तो धूमिल हुई ही है, इससे अटल जी का भी अपमान हुआ है।

रक्षाबंधन के बाद बुलाया दिल्ली
मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने रक्षाबंधन के बाद छत्तीसगढ़ समेत उन सभी राज्यों के विधायकों और मंत्रियों को दिल्ली तलब किया है, जो ऐसे गम के माहौल में मंच पर हंसते और सेल्फी लेते देखे गए, और उनकी तस्वीरें मीडिया और सोशल मीडिया पर दिख रही हैं।

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी को यशवंत सिन्हा की नसीहत, पीएम मोदी के नक्शेकदम पर न चलें

छत्तीसगढ़ में मंच पर हंसते दिखे मंत्री

पिछले दिनों छत्तीसगढ़ में अटल जी की अस्थि कलश श्रद्धांजलि के दौरान रमन कैबिनेट के कई मंत्री मंच एक दूसरे से बात करते और जोर से हंसते नजर आए थे। राजधानी में दिवंगत प्रधानमंत्री की अस्थियां पहुंचने के बाद एकात्म परिसर में उन्हें श्रद्धांजलि देकर जिलाध्यक्षों को कलश दिया जा रहा था। इसी बीच मंच पर बैठे प्रदेश के कृषि एवं जल संसाधन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास मंत्री अजय चंद्राकर ठहाके मारकर हंस रहे थे। मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने चंद्राकर के कान में कुछ कहा, दोनों जोर-जोर से हंसने लगे। उनके बगल में बीजेपी की राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय, सांसद रमेश बैस और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक बैठे हुए थे। कौशिक ने हंस रहे चंद्राकर का हाथ पकडक़र रोकने की कोशिश की और कैमरों की ओर ध्यान दिलाया, तब जाकर दोनों रुके। इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

यूपी में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मचाया उधम

इसके अलावा सोशल मीडिया पर कई ऐसी तस्वीरें और वीडियो देखे जा रहे हैं, जिसमें बीजेपी कार्यकर्ता और नेता अटल जी की अस्थियों के साथ हंसते हुए सेल्फी ले रहे हैं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तो अस्थि कलश यात्रा हंगामे के भेंट चढ़ गई। 23 अगस्त को यात्रा के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जमकर नियमों की धज्जियां उड़ाई और पुलिस वालों से धक्कमुक्की भी की है।

बिहार में कलश के साथ चप्पल पर बैठे केंद्रीय मंत्री

वहीं बिहार में भी अटल की अस्थी कलश यात्रा के दौरान हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई। यहां जिसे खुली गाड़ी में कलश को रखकर यात्रा निकाली जा रही थी , उसी गाड़ी पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे चप्पल के साथ बैठे देखे गए। तस्वीर सोशल मीडिया पर आई तो अश्विनी चौबे ट्रोल हो गए। यूजर्स ने उन्हें जमकर खरी खोटी सुनाई है।

अटल जी की भतीजी बोलीं- भारतरत्न का अपमान

दिवंगत वाजपेयी की भतीजी और छत्तीसगढ़ कांग्रेस की नेता करुणा शुक्ला ने कहा कि शोक सभा में मंत्रियों के ठहाके ने उन्हें अत्यंत पीड़ा पहुंचाई है। मंत्रियों का व्यवहार भारतरत्न का अपमान है। सरकार को दोनों ही मंत्रियों को तत्काल हटा देना चाहिए। वहीं कांग्रेस ने यह आरोप लगाया कि बीजेपी पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी को चुनावी मुद्दा बनाना चाहती है।