
BJP takes dig at Rahul Gandhi
नई दिल्ली। हाल ही में भारत ने कोरोना वैक्सीन की 100 करोड़ डोज़ लगाकर एक ऐतिहासिक काम किया है। दुनियाभर के देश जो अब तक नहीं कर पाए, वह काम भारत ने कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई में कर दिखाया है। ऐसे में देश-विदेश के बड़े नेता और उद्योगपति इसे कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत की बड़ी उपलब्धि बता रहे हैं। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत में वैक्सीनशन अभियान के संचालन और नेतृत्व की भी दुनियाभर में तारीफ हो रही है। हालांकि इस विषय पर कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी ने चुप्पी साध रखी है। राहुल गांधी की इस चुप्पी पर बीजेपी ने एक ट्वीट करते हुए निशाना साधा है।
"जो रोज़ करते थे निंदा, उन्हें होना पड़ा शर्मिंदा!"
बीजेपी के इस ट्वीट में उनके ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर एक फोटो पोस्ट की गई है। इस फोटो के पहले पार्ट में राहुल गांधी के समय-समय पर कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई में केंद्र सरकार पर सवाल उठाते और आरोप लगाते हुए दिखाया गया है। पहले राहुल गांधी का 2 जुलाई 2021 को वैक्सीन की उपलब्धता पर सवाल उठाना, फिर 1 अगस्त 2021 को देश में वैक्सीन की कमी का बयान देना और फिर 19 सितम्बर 2021 को यह बयान देना कि देश में टीकाकरण का अभियान खत्म हो गया है।
इस फोटो के दूसरे पार्ट में भारत के 21 अक्टूबर 2021 को कोरोना वैक्सीनशन में 100 करोड़ का ऐतिहासिक आंकड़ा पर करना और इस बात के लिए पीएम मोदी को हेल्थ वर्कर्स का उत्साह बढ़ाते हुए दिखाया गया है। साथ ही इस पूरे विषय पर राहुल गांधी की चुप्पी दिखाई गई है। इस पर बीजेपी ने निशाना साधते हुए पूछा, "राहुल बाबा, आज कुछ नहीं कहेंगे?"
"100 करोड़ वैक्सीन आयीं भी, और करोड़ों देशवासियों ने लगवाईं भी"
इसी के साथ बीजेपी ने राहुल गांधी के 2 जुलाई 2021 को किए "जुलाई आ गया है, वैक्सीन नहीं आयीं।" ट्वीट का जवाब भी दिया है।
Published on:
23 Oct 2021, 11:35 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.