6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खेल मंत्री का फिटनेस चैलेंज कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने किया स्वीकार, शेयर किया ये वीडियो

कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने फिटनेस चैलेंज को स्वीकार करते हुए पुश अप्स लगाते हुए का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया है।

2 min read
Google source verification

image

Kapil Tiwari

May 25, 2018

Manish Tewari

Manish Tewari

नई दिल्ली। केंद्र सरकार में खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर के फिटनेस चैलेंज को सोशल मीडिया पर काफी तगड़ा रिस्पॉन्स मिल रहा है, लेकिन विपक्षी दल लगातार इसकी आलोचना कर रहे हैं। कई मीडिया रिपोर्टस में भी खेल मंत्री के इस चैलेंज की आलोचनाएं की जा रही हैं। कहा जा रहा है कि कर्नाटक में सत्ता ना मिलने की टीस को छुपाने के लिए ये चैलेंज लाया गया है। दूसरी तरफ भले ही कांग्रेस पार्टी समेत तमाम विपक्षी दल फिटनेस चैलेंज की आलोचना कर रहे हों, लेकिन कांग्रेस के ही दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने राठौर के इस चैलेंज को एक्सेप्ट किया है और इसमें हिस्सा भी लिया है।

मनीष तिवारी बने फिटनेस चैलेंज का हिस्सा
दरअसल, मनीष तिवारी ने ट्वीटर पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने 52 साल की उम्र में भी अपनी फिटनेस का सबूत दिया है। दरअसल, इस वीडियो के जरिए कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने राज्यवर्धन सिंह राठौर की चुनौती स्वीकार करते हुए प्रोफेशनल जिम ट्रेनर की तरह पुश अप्स लगाने वाला वीडिया ट्वीटर पर शेयर किया है। मनीष तिवारी अपने वीडियो में एक एथलीट की तरह पुश अप्स लगाते नजर आ रहे हैं।

पुश अप्स लगाते हुए वीडियो किया जारी
इस वीडियो के जरिए मनीष तिवारी ने पुश अप्स लगाने के साथ-साथ एक चुनौती भी दे डाली है। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा, 'पुश अप्स करने से बेहतर कुछ भी नहीं है। यह चुनौती उन सभी उम्रदराज लोगों के लिए है जो खुद को सुपर मर्द समझते हैं, लेकिन ये तो अभी मात्र ट्रेलर है, देखते हैं कौन ज्यादा कर पाता है।'

भाजपा जॉइन कर सकते हैं मनीष तिवारी
जैसे ही मनीष तिवारी ने सोशल मीडिया पर ये वीडियो पोस्ट किया, उसके बाद से ही सोशल मीडिया पर लोगों ने ये सवाल खड़े कर दिए कि क्या वो बहुत जल्द बीजेपी जॉइन करने वाले हैं। ट्विटर पर लोगों ने यह कयास लगाना भी शुरू कर दिया कि वो बीजेपी ज्वॉइन करने जा रहे हैं। हालांकि, मनीष तिवारी द्वारा ये चुनौती स्वीकार करने के पहले तमाम कांग्रेसी नेताओं ने इस फिटनेस चैलेंज पर सवाल खड़े किए थे। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से कहा कि वह ईंधन की कीमतें कम करने की चुनौती स्वीकार करें, वरना कांग्रेस देशव्यापी प्रदर्शन शुरू करेगी। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता प्रमुख रणदीप सुरजेवाला ने मोदी से कहा कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा, नौकरियां, भ्रष्टाचार और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य जैसी चुनौतियों से निपटें।

विराट कोहली ने पीएम मोदी को दिया था फिटनेस साबित करने का चैलेंज
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए सोशल मीडिया पर शुरू की गई खेलमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की मुहिम के तहत भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली के 'फिटनेस चैलेंज' को स्वीकार किया था। विराट ने ट्विटर पर राठौर द्वारा शुरू की गई मुहिम 'हम फिट तो इंडिया फिट' के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और अपनी पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा को टैग किया था। इस पर मोदी ने चैलेंज को स्वीकार करते हुए ट्वीट किया- 'चुनौती स्वीकार है विराट. मैं जल्दी ही अपना फिटनेस चैलेंज वीडियो अपलोड करूंगा।'