
अजित पवार के विमान हादसे पर बड़ा एक्शन (Photo: IANS)
महाराष्ट्र के कद्दावर नेता अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। इस बीच, शरद पवार की एनसीपी (एसपी) के सांसद बजरंग सोनवणे ने इस हादसे को लेकर बेहद सनसनीखेज संदेह जताया है। उन्होंने सीधे तौर पर पूछा है कि क्या अजित दादा के विमान में बम रखा गया था? सांसद सोनावणे ने कहा है कि इस हादसे की गहराई से जांच होनी चाहिए और यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि क्या विमान में बम तो नहीं था।
पत्रकारों से बातचीत में बजरंग सोनावणे ने भावुक होते हुए कहा कि उनके राजनीतिक जीवन को गढ़ने में अजित पवार का बड़ा योगदान रहा है। इस दौरान उन्होंने विमान हादसे की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि विमान में कुल छह लोग सवार थे, लेकिन पांच शव ही कैसे मिले? जिस तरह से हादसा हुआ और बताया गया कि हवा में तीन धमाके हुए, उससे संदेह पैदा होता है। उन्होंने मांग की कि यह स्पष्ट किया जाए कि कहीं विमान में विस्फोटक तो नहीं था। आखिर हवा में ये धमाके कैसे हुए?
सांसद सोनवणे ने यह भी कहा कि हादसे की पूरी जांच सार्वजनिक की जानी चाहिए। हादसे वाले दिन के अजित पवार के घर से निकलने के समय से लेकर एयरपोर्ट तक के सभी सीसीटीवी फुटेज सामने आने चाहिए। विमान हवा में ही क्रैश हुआ, जमीन पर गिरने से पहले ही धमाका क्यों हुआ? गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान उड़ाने वाले पायलट की पृष्ठभूमि और उस दिन की गतिविधियों की भी जांच होनी चाहिए।
राजनीतिक मतभेदों के बावजूद बजरंग सोनवणे अजित पवार को याद करते हुए भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, "1999 से मेरा और अजित दादा का रिश्ता रहा है। मुझे राजनीति में गढ़ने में उनका बड़ा योगदान है। वह मेरे राजनीतिक पिता थे। यह पूरे महाराष्ट्र और देश के लिए अपूरणीय क्षति है।"
सांसद सोनवणे ने घोषणा की है कि वे बीड जिले के येडेश्वरी कारखाना परिसर में अजित पवार का एक भव्य स्मारक बनाएंगे। उन्होंने संकल्प लिया कि एक वर्ष के भीतर इस स्मारक का निर्माण कर उनकी पहली पुण्यतिथि पर इसका लोकार्पण किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों को उनसे ऊर्जा मिल सके।
दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के एक होने की अटकलों पर सोनवणे ने कहा कि यह राजनीति की बात करने का समय नहीं है। दस दिन का शोक होने के कारण उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी। अजित पवार उनके लिए मजबूत सहारा थे। अब बीड जिले का विकास किस दिशा में जाएगा, यह कहना मुश्किल है।
बता दें कि 28 जनवरी 2026 को बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान अजित पवार का निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। शुरुआती जांच में खराब विजिबिलिटी और तकनीकी खराबी को कारण बताया गया था, लेकिन कई नेताओं ने इस दुर्घटना के पीछे साजिश होने का संदेह व्यक्त किया है।
Updated on:
06 Feb 2026 05:31 pm
Published on:
06 Feb 2026 05:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
