
गिरिराज सिंह के मंच पर दिखीं पूर्व मंत्री मंजू वर्मा, इन दिनों जमानत पर हैं बाहर
नई दिल्ली। आर्म्स एक्ट मामले में जमानत पर बाहर चल रहीं बिहार सरकार की पूर्व मंत्री मंजू वर्मा एक बार फिर राजनीतिक रूप से सक्रिय हो गई हैं। एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए वह पहली बार चुनावी मंच साझा करती हुई दिखीं। केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से भाजपा प्रत्याशी गिरिराज सिंह के साथ मंच साझा करते हुए उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील की। बता दें कि पूर्व मंत्री मंजू वर्मा को मुजफ्फरपुर मामले से जुड़े हथियार अधिनियम के तहत कुछ महीने पहले गिरफ्तार किया था। वहीं मंजू वर्मा के पति चंदेश्वर वर्मा अभी भी जेल में बंद हैं।
चुनाव प्रचार में जुटे केंद्रीय मंत्री
दूसरी तरफ नवादा के बदले बेगूसराय संसदीय सीट से प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर नाराज केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ मुलाकात और वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा के बाद सघन चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। सीट बदलने को लेकर गिरिराज सिंह का कहना था कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका संसदीय क्षेत्र बदलने से पहले कोई बात नहीं की । प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेताओं ने ऐसा कर उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया।
त्रिकोणीय मुकाबला
बेगूसराय संसदीय सीट से सीपीआई ने जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार को टिकट दिया है। वहीं महागठबंधन की ओर से राजद ने तनवीर हसन को अपना उम्मीदवार बनाया है। हसन 2014 में भाजपा प्रत्याशी को कड़ी टक्कर दी थी। इस बार उन्हें मजबूत प्रत्याशी माना जा रहा है। लेकिन सीपीआई की ओर से कन्हैया कुमार और भाजपा की ओर से गिरिराज सिंह को प्रत्याशी बनाए जाने से मुकाबला रोमांचक हो गया है। जातिगत समीकरणों की वजह से तीनों के बीच कांटे की टक्कर है।
Published on:
31 Mar 2019, 9:56 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.