
गिरिराज सिंह ने गुजरात में बिहारियों पर हमले के लिए कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर ठहराया जिम्मेदार
नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने गुजरात में उत्तर भारतीयों पर हुए हमले को लेकर कांग्रेस पार्टी के विधायक अल्पेश ठाकोर के भड़काऊ भाषण को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने इस घटना की तुलना 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी अजमल कसाब से किया है। उनके इस बयान पर कांग्रेस के बिहार से एमएलसी प्रेमचन्द मिश्रा ने करारा जवाब दिया है।
पार्टी की विफलता न छुपाएं गिरिराज
गुजरात में हिंसा और वहां से बिहार और यूपी के लोगों के पलायन के मुद्दे पर गिरिराज सिंह के बयान के बारे में कहा है कि हम गिरिराज से कुछ बेहतर की उम्मीद भी नहीं करते हैं। लेकिन वह और उनकी पार्टी अल्पेश ठाकोर पर आरोप अपनी विफलता को छुपाने के लिए लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को बिहार के लोगों को पहले यह बताना चाहिए कि उनके शासित प्रदेशों में यहां के लोगों को क्यों निशाना बनाया जा रहा है? इससे पूर्व महाराष्ट्र में बिहार के रहने वाले ऑटोरिक्शा चालकों को मराठी भाषा सीखने का फरमान जारी किया गया था। इस बीच गुरुवार को पटना शहर स्थित कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के समक्ष प्रदर्शन कर रहे सवर्ण मोर्चा के समर्थकों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भिड़ने पर वहां स्थिति को पुलिस द्वारा नियंत्रित किया गया।
अल्पेश और रुपाणी के खिलाफ वाद दर्ज
मुजफ्फरपुर जिले की एक अदालत में गुजरात में बिहारियों पर हुए हमले को लेकर वहां के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर के खिलाफ गुरूवार को मामला दर्ज कराया गया। अदालत ने सामाजिक कार्यकर्ता तमन्ना हाशमी द्वारा भादंवि की विभिन्न के तहत दर्ज कराए गए उक्त मामले की सुनवाई की अगली तारीख दो नवंबर निर्धारित की है।
सीएम रुपाणी ने दिया सुरक्षा का भरोसा
आपको बता दें कि गुजरात से हजारों की संख्या में बिहार और यूपी के लोग वहां से पलायन करने पर मजबूर हुए हैं। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने गुजरात सरकार से अपील की थी वो इस हिंसा और पलायन को रोकने का प्रयास करें। उन्होंने अपनी अपील में कहा था कि आप मजबूती से वहां रहिए। नीतीश कुमार ने एक सरकारी कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हमारा आग्रह और अपील है कि जो कुछ भी वहां कुछ लोगों के द्वारा किया गया उसके बावजूद भी बिहार के लोग मज़बूती से रहें और हमलोग निरंतर सम्पर्क में हैं।
Published on:
12 Oct 2018, 9:02 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.