
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (bjp) को मध्यप्रदेश के लिए नया संगठन महामंत्री मिल गया। सह संगठन महामंत्री रहे हितानंद शर्मा को प्रमोट करते हुए नया संगठन महामंत्री बना दिया गया है। सुहास भगत के स्थान पर हितानंद शर्मा को नई जिम्मेदारी दी गई है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हितानंद शर्मा को प्रदेश का नया संगठन महामंत्री नियुक्त किया है। अशोक नगर से रहने वाले हितानंद शर्मा चंबल क्षेत्र से जुड़े रहे हैं और उन्हें पिछले उपचुनाव के दौरान इसी इलाके की जिम्मेदारी दी गई थी। वे आरएसएस से जुड़े संगठन विद्या भारती का भी काम देखते थे। हितानंद संघ के कई अन्य अनुषांगिक संगठनों से भी जुड़े रहे हैं। हितानंद शर्मा की ग्वालियर और चंबल क्षेत्र में काफी अच्छी पकड़ है। इसके अलावा वे प्रदेश के अलग-अलग अंचल को भी काफी अच्छे से जानते हैं।
संघ में वापस पहुंचे सुहास भगत
हितानंद से पहले संगठन महामंत्री रहे सुहास भगत को इस पद से मुक्त कर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में वापस भेजा गया है। वे संघ में बौद्धिक प्रमुख बनाए गए हैं। हितानंद की नियुक्ति को 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश चुनाव के दौरान हितानंद को यूपी में सक्रिय किया गया था, इस दौरान उन्होंने वहां के चुनाव को काफी करीब से देखा है। संगठन अब उसी फार्मूले पर मध्यप्रदेश में भगवा लहराने की तैयारी करेगा।
कांग्रेस प्रवक्ता ने साधा निशाना
हितानंद शर्मा की नियुक्ति पर कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने निशाना साधते हुए कहा है कि जिस दिन प्रदेश के अशोकनगर जिले में राशन की कालाबाजारी और पीओएस मशीन में फर्जी एंट्री के मामले में आरोपी बनाए गए निकुंज शर्मा पर की गई सारी कार्रवाई को रोक दिया गया था। उसी दिन यह लग गया था कि जल्द ही भाजपा में हितानंद शर्मा को बड़ा पद मिलने वाला है।
Updated on:
17 Mar 2022 01:19 pm
Published on:
17 Mar 2022 01:16 pm

बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
