
मैं खुले माहौल में पली हूं, हमारे परिवार में अपने विचार रखने की आजादी है: शर्मिष्ठा
नई दिल्ली। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का प्रभावी भाषण सुनने के बाद उनकी बेटी और दिल्ली कांग्रेस की प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने शुक्रवार को नपा तुला बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि उनका परिवार लोकतांत्रिक और विवेकशील परिवार है। परिवार में अपने पिता के साथ मतभेद को खुले तौर पर जाहिर करने की परंपरा है। हमारा परिवार विचारों को खुले तौर पर स्वीकार करता है। ये बात अलग है कि सभी उससे सहमत नहीं हों। इससे परिवार के सदस्यों के आपसी संबंध प्रभावित नहीं होते।
स्वामी के सवालों का सम्मानजनक जवाब
इससे पहले नागपुर कार्यक्रम से एक दिन पहले शर्मिष्ठा ने बतौर मुख्य अतिथि पिता के शामिल होने पर सवाल उठाए थे। उन्होंने भाजपा नेता व सांसद सुब्रमण्यम स्वामी की कथित टिप्पणियों के जवाब में यह बात कही। स्वामी ने शर्मिष्ठा के पिता से अलग विचार रखने का कथित तौर पर समर्थन किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक स्वामी ने शर्मिष्ठा के बयान का हवाला देते हुए कहा था कि यह ऐसा कुछ है जिसके साथ आप बड़े होते हैं। मेरी खुद की बेटी मेरे विचारों से सहमत नहीं होती और मैं उसके विचारों से सहमत नहीं होता। परंतु हम खुशहाल परिवार हैं हमें यह सीखना चाहिए कि हर व्यक्ति के अपने विचार होते हैं। इसके जवाब में शर्मिष्ठा ने ट्वीट कर कहा था कि निश्चित तौर पर मैं इसी तरह के माहौल में पली-बढ़ी हूं। इसलिए मुझे विभिन्न मुद्दों पर उनके साथ सार्वजनिक रूप से अलग विचार व्यक्त करने में कोई दिक्कत नहीं होती। ऐसा करना मैंने अपने पिता से ही सीखा है।
डर्टी गेम को लेकर आगाह किया था
आपको बता दें कि शर्मिष्ठा ने आरएसएस के कार्यक्रम से जुड़ी मुखर्जी के तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ करके सोशल मीडिया में शेयर किए जाने पर कहा था कि मुझे इसका डर था पहले से था। इसके बारे में मैंने अपने पिता को आगाह किया था। कुछ घंटे भी नहीं बीते कि भाजपा एवं आरएसएस का डर्टी ट्रिक्स विभाग अपने काम में जुट गया। उसी डर्टी गेम में शामिल लोगों ने उनका फोटो वायरल किया है। जिस कार्यक्रम का फोटो वायरल हुआ उसी कार्यक्रम में पू्र्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राष्ट्र , राष्ट्रवाद और देशप्रेम के बारे में आरएसएस मुख्यालय में अपने विचार साझा करते हुए कहा था कि भारत की आत्मा बहुलतावाद एवं सहिष्णुता में बसती है।
Published on:
8 Jun 2018, 2:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.