
Jharkhand: Congress MLA Vixal Kongadi Claims That 'BJP Offered For Ministerial Post To Change JMM Government'
रांची। पेगासस के जरिए कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार गिराने का दावा कांग्रेस कर चुकी है और अब झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार को गिराए जाने की साजिश रचने का मु्द्दा तूल पकड़ता जा रहा है। दरअसल, हेमंत सरकार को गिराने की साजिश रचने के मामले में बीते दिन (शनिवार) तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिसको लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने भाजपा पर निशाना साधा था और आरोप लगाया था कि यह सब बीजेपी की चाल है। अब इस पूरे मामले पर कांग्रेस की भी एंट्री हो चुकी है।
रविवार को कांग्रेस ने दावा किया है कि झारखंड की हेमंत सरकार को गिराने के लिए भाजपा की ओर से मंत्री पद का ऑफर दिया गया है। यह चौंकाने वाला सनसनीखेज खुलासा कोलेबिरा से कांग्रेस विधायक विक्सल कोंगड़ी ने किया है। उन्होंने दावा किया कि हेमंत सरकार को बदलने के लिए भाजपा से उन्हें मंत्री पद का ऑफर मिला था। इसके अलावा मोटी रकम भी दिए जाने की बात हुई थी।
कांग्रेस विधायक ने बीजेपी पर लगाया आरोप
कांग्रेस विधायक विक्सल कोंगड़ी ने दावा किया है कि भाजपा की ओर से उन्हें हेमंत सरकार को गिराने के लिए मंत्री पद का ऑफर दिया गया था। साथ ही मोटी रकम भी दिए जाने का वादा किया गया था। उन्होंने कहा कि ये बातें रांची और कोलेबिरा स्थित आवास में हुई हैं। कोंगड़ी ने कहा कि भाजपा के लोगों ने उनसे संपर्क किया और ये तमाम बातें उनके सामने रखी। हालांकि उन्होंने ये कहा कि जिस वक्त ये सब बातें हुई थी उस दौरान मौके पर आरोपी अमित सिंह मौजूद नहीं थे।
अमित सिंह वही शख्स है जिन्हे बीते दिन पुलिस ने रांची के एक होटल से गिरफ्तार किया है। कोंगडी ने अमित सिंह से कोई भी बातचीत या जान-पहचान होने से इनकार किया है। वहीं, विक्सल कोंगड़ी ने इस मामले से जुड़ी सभी जानकारी झारखंड कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह को दे दी है। अब कांग्रेस इसपर क्या रूख अख्तियार करती है ये कुछ दिनों में साफ हो जाएगा।
भाजपा ने आरोपों को किया खारिज, SIT जांच की रखी मांग
इस पूरे मामले और आरोपों पर बीते दिन भाजपा की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। लेकिन अब जब कांग्रेस विधायक ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं, जब भाजपा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए एसआईटी जांच की मांग की है।
रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर झारखंड के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी ने इस मामले में एसआईटी जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि हाइकोर्ट के सिटिंग जज की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन कर पूरे मामले की जांच हो। साथ ही झारखंड सरकार पर महाराष्ट्र का 'पैसे उगाही' मॉडल फॉलो करने का आरोप भी लगाया है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह से झारखंड में हेमंत सरकार को गिराने के लिए पैसे बांटने का मामला आ रहा है। इससे पहले प्रदेश भर के 22 स्थानों पर छापेमारी की थ, लेकिन मिला कुछ नही। मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार महाराष्ट्र मॉडल को झारखंड में अपनाने की साजिश कर रही है। यही कारण है कि ये महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री को सोशल साइट्स पर फॉलो भी करते हैं और पैसे उगाही की नई जगहों को ढूंढ रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई पर संदेह
शनिवार को गिरफ्तार किए गए तीन लोगों को लेकर मरांडी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए और कहा कि इन लोगों को जबरदस्ती गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि ये तीनों बोकारो के रहने वाले हैं, जिन्हें पुलिस ने जबरन उनके घर से उठाकर होटल लाया गया था। इन तीनों में से एक ठेका मजदूर है और एक फल-सब्जी बेचने वाला है।
बाबूलाल मरांडी ने पुलिस की कार्रवाई पर संदेह व्यक्त करते हुए चेतावनी दी और कहा कि यदि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी तो उन सभी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जो इस तरह से गलत कामों में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को टूल नहीं बनना चाहिए, बल्कि कानून के दायरे में रहकर निष्पक्षता के साथ अपना काम करना चाहिए।
Updated on:
25 Jul 2021 06:34 pm
Published on:
25 Jul 2021 06:25 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
