मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान बारिश होने की चेतावनी दी है। ऐसे में विशेषकर उत्तरी कर्नाटक के मतदाताओं के लिए दोपहर बाद से पहले मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान करना बेहतर होगा। दोपहर के बाद बारिश होने के आसार जताए गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक डॉ. गीता अग्निहोत्री ने शुक्रवार को जारी मौसम रिपोर्ट में चेतावनी दी कि उत्तरी सुदूर कर्नाटक तथा दक्षिणी सुदूर कर्नाटक में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं। चुनाव आयोग ने विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की अपील को ध्यान में रखते हुए मतदान का समय एक घंटे बढ़ाकर छह बजे तक कर दिया है, क्योंकि उत्तरी कर्नाटक, मुंबई-कर्नाटक तथा हैदराबाद-कर्नाटक इलाकों में काफी तेज गर्मी पड़ रही है। जिसके कारण लोगों के मतदान में भाग लेने की संभावना काफी कम है।