
लालू यादव को जेल से भगा सकते हैं बिहार के अपराधी, जेडीयू नेता ने झारखंड डीजीपी को किया अलर्ट
नई दिल्ली। चारा घोटाला मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को जेल से भगाया जा सकता है। ये आशंका किसी और ने नहीं बल्कि कभी आरजेडी के साथ सत्ता में रहने वाली जेडीयू ने जताई है। यही नहीं जेडीयू प्रवक्ता और बिहार विधान परिषद सदस्या नीरज कुमार ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को चिट्ठी भी लिखी है।
अपराधियों के साथ जेल से लालू को करा सकते हैं फरार: नीरज
नीरज कुमार ने झारखंड डीजीपी को लिखे खत में आरोप लगाया है कि लालू यादव के पुत्र और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इन दिनों लगातार अपराधियों से मुलाकात कर रहे हैं। ऐसे में आशंका है कि कहीं वे अपराधियों का एक दल बनाकर अपने पिता को जेल से फरार करवाने की साजिश न करें। लालू इन दिनों झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा जेल में सजा काट रहे हैं।
झारखंड डीजीपी से जेडीयू ने की अपील
जेडीयू नेता ने लिखा है कि तेजस्वी यादव जहां सजायाफ्त पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के घर पहुंचे और उनके घर की चौखट के दर्शन करने के बाद जनसभा को संबोधित करने गए। इसी तरह गोपालगंज में दुर्दांत और कई संगीन मामलों के आरोपी सुरेश चौधरी के साथ सेल्फी भी भी है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इतना ही नहीं सुरेश चौधरी उनके साथ मंच पर भी मौजूद था। नीरज कुमार ने डीजीपी से मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई की अपील की है।
तेजस्वी के साथ हत्यारोपी की तस्वीर हुई वायरल
बता दें कि बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव मुसीबत में फंस गए। सोशल साइट्स पर उनकी सेल्फी वायरल हो गई है। इस वायरल सेल्फी में तेजस्वी यादव कुख्यात अपराधी सुरेश चौधरी के साथ नजर आ रहे हैं। वहीं, इस तस्वीर को लेकर सियासी हड़कंप मच गया है और बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। सुरेश चौधारी पर हत्या, अपहरण, फिरौती और लूट जैसी संगीन मामले दर्ज हैं। इतना ही नहीं इन अपराधों को लेकर सुरेश चौधारी कई बार जेल भी जा चुका है। फिलहाल, वो जमानत पर बाहर है।
Published on:
24 Oct 2018, 9:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.