
Lok Sabha Election in Vidarbha Marathwada : लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज (26 अप्रैल) महाराष्ट्र की आठ सीटों पर मतदान हो रहा है। इन आठ सीटों- बुलढाणा, अकोला, अमरावती, वर्धा, यवतमाल-वाशिम, हिंगोली, नांदेड और परभणी में सात बजे से मतदान चल रहा है।
महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में विदर्भ की पांच और मराठवाडा की तीन सीटों पर कड़ा मुकाबला होने वाला है। इसमें से कुछ सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबले की भी संभावना दिख रही हैं। बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी की ‘महायुति’ और कांग्रेस, एनसीपी (शरद पवार) और शिवसेना (यूबीटी) की महाविकास अघाडी (एमवीए) के बीच कांटे की टक्कर होगी।
लेकिन महायुति और एमवीए की किस्मत अकोला समेत कुछ जगहों पर तीसरे उम्मीदवार को मिलने वाले वोटों पर भी निर्भर करती है। विदर्भ की पांच में से कम से कम 3 सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला है।
चुनाव विश्लेषकों का कहना है कि एनसीपी और शिवसेना के बिखराव के बाद महायुति और एमवीए के भीतर ‘विरोधी विचारधारा’ का भी एक गुट है, जो चुनाव में दोनों गठबंधनों के लिए मुसीबत खड़ी कर सकता है।
वहीँ, मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) और प्रकाश अंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) सहित अन्य छोटी पार्टियां कई सीटों पर तीसरे स्थान के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। साथ ही, बुलढाणा से चुनाव लड़ रहे किसान नेता रविकांत तुपकर (Ravikant Tupkar) जैसे प्रमुख निर्दलीय उम्मीदवार भी नतीजे को पलटने का दम रखते है।
विदर्भ की बात करें तो यहां मतदान जातिगत आधार पर अधिक होता है। लेकिन इस बार मराठा आरक्षण आंदोलन ने नेताओं की चिंता बढ़ा दी हैं। और तो और अकोला में दलित नेता प्रकाश अंबेडकर की मजबूत मौजूदगी चुनाव में एक नया मोड़ ला सकती है।
संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर के पोते प्रकाश अंबेडकर दो बार सांसद रहे है. इस बार वह अकोला में 10वीं बार चुनाव लड़ रहे हैं। उनका सामना मौजूदा बीजेपी सांसद संजय धोत्रे (Sanjay Dhotre) के बेटे अनूप धोत्रे से है।
अमरावती में बच्चू कडू के नेतृत्व वाली प्रहार जनशक्ति पार्टी (पीजेपी) त्रिकोणीय मुकाबले की वजह बन गई है। पीजेपी ने अमरावती से मौजूदा सांसद नवनीत राणा और कांग्रेस विधायक बलवंत वानखड़े के खिलाफ पूर्व शिवसैनिक दिनेश बूब को उतारा है।
Published on:
26 Apr 2024 08:45 am
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
