
नारायण राणे के भाजपा में शामिल होने के आसार
मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में बड़े फेरबदल की तैयारियां शुरू हो गई है। कांग्रेस के बड़े नेता नारायण राणे के भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 27 अगस्त को महाराष्ट्र के दौरे पर आएंगे। सूत्रों की मानें तो उनकी मौजूदगी में राणे भाजपा में शामिल हो सकते हैं। अमित शाह नारायण राणे और उनके समर्थकों को भाजपा के साथ जोड़कर एक तीर से दो निशाने साधेंगे। राणे के भाजपा में आने से जहां एक तरफ कांग्रेस कमजोर होगी, वहीं शिवसेना के सामने भाजपा का पलड़ा भारी हो जाएगा। महाराष्ट्र में राणे को कांग्रेस में खास तवज्जो नहीं दी जा रही थी, इसलिए उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है। अप्रैल में वह अमित शाह से मुलाकात कर चुके हैं। तभी से उनके भाजपा में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं।
कोंकण में मजबूती के लिए भाजपा का दांव
राणे के बारे में कहा जा रहा है कि अब उन्हें अपने दोनों बेटों के राजनीतिक भविष्य की चिंता सता रही है। इसी कारण वे भाजपा का रुख कर रहे हैं। वहीं भाजपा, महाराष्ट्र विधानसभा में अपनी सहयोगी शिवसेना से परेशान है। शिवसेना सहयोगी कम और विपक्षी की भूमिका ज्यादा निभा रही है। पिछले विधानसभा चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन शिवसेना का मजबूत गढ़ जैसे कोंकण, मुंबई और ठाणे में थोड़ी कमजोर रही। अब भाजपा की नजर कोंकण पर है, जहां की 3 लोकसभा और 15 विधानसभा सीटों पर शिवसेना का कब्जा है। नारायण राणे के बहाने भाजपा कोंकण में खुद को मजबूत कर सकती है।
शिवसेना को उसके गढ़ में घेरने की तैयारी
माना जाता है कि यदि कोंकण, ठाणे और मुंबई में नारायण राणे तथा भाजपा की ताकत एक साथ आ जाए तो वह इस क्षेत्र में शिवसेना को पीछे छोड़ने में कामयाब हो सकती है। पिछले विधानसभा चुनावों में शिवसेना को भाजपा से लगभग आधी सीटें मिली थीं। यदि कोंकण और ठाणे ने भाजपा का साथ दिया होता तो भाजपा पूर्ण बहुमत तक अकेले पहुंचने में कामयाब हो सकती थी। अब शिवसेना के तीखे तेवरों से परेशान भाजपा शिवसेना को उसके ही गढ़ में धूल चटाना चाहती है। नारायण राणे उसकी इस मंशा को पूरा करने में महत्त्वपूर्ण हथियार साबित हो सकते हैं।
Published on:
19 Aug 2017 10:56 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
