
सीएम अरविंद केजरीवाल की कैबिनेट में शामिल मंत्री।
नई दिल्ली। एक तरफ तो हाल ही में संपन्न हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में क्लीनस्वीप करने वाली आम आदमी पार्टी (AAP) के विजयी विधायकों में 8 महिलाएं शामिल रहीं, तो दूसरी तरफ रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नई कैबिनेट में एक भी महिला मंत्री को नहीं रखा गया। यह बड़ा सवाल इसलिए खड़ा होता है क्योंकि आप के चुनाव प्रचार में मुफ्त बस यात्रा, सुरक्षा जैसे महिलाओं के कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
दिल्ली विधानसभा चुनान में आप की ओर से जीत दर्ज करने वाली आठ महिला उम्मीदवारों में आतिशी मर्लेना, राखी बिरला, राज कुमारी ढिल्लों, प्रीति तोमर, धनवती चंदेला, प्रमिला टोकस, भावना गौर और बंदना कुमारी शामिल रहीं।
कालकाजी से चुनाव जीतने वालीं आतिशी मर्लेना, राजधानी में स्कूलों की शिक्षा में बदलाव लाने वाली शैक्षिक नीतियों को लागू करने वाले आप नेता मनीष सिसोदिया के प्रमुख सलाहाकार के रूप में काम कर चुकी हैं।
मर्लेना की तरह मंगोलपुरी विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल करने वाली राखी बिरला भी कैबिनेट में जगह बनाने में असफल रहीं, जबकि उन्होंने न केवल 74,100 मत हासिल किए, बल्कि 30,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत भी हासिल की। आप सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान 2013-2014 में बिरला कुछ महीनों तक महिला एवं बाल, समाज कल्याण एवं भाषा की कैबिनेट मंत्री रही थीं।
उस वक्त 26 वर्षीय बिरला दिल्ली की सबसे कम उम्र की कैबिनेट मंत्री बनीं थीं और उन्होंने 2013 विधानसभा चुनाव में चार बार के कांग्रेस विधायक राजकुमार चौहान को करारी शिकस्त दी थी।
वहीं, हरी नगर सीट से भाजपा के तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को 20 हजार से ज्यादा वोटों से शिकस्त देने वाली राज कुमारी ढिल्लों भी कैबिनेट में स्थान नहीं बना सकीं। इनके अलावा त्रिनगर से प्रीति तोमर, राजौरी गार्डेन से धनवती चंदेला, आरके पुरम से प्रमिला टोकस, पालम से भावना गौड़ और शालीमार बाग से बंदना कुमारी को भी मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल सकी।
गौरतलब है कि रविवार को राजधानी के रामलीला मैदान में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। केजरीवाल के साथ मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और राजेंद्र गौतम ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।
इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी ने 70 सीटों में से 62 पर जीत दर्ज कर तीसरी बार सरकार बनाई है।
Updated on:
16 Feb 2020 04:13 pm
Published on:
16 Feb 2020 02:35 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
