
कश्मीर मुद्दे पर मोदी के समर्थन में उतरे ओवैसी, संयुक्त राष्ट्र से पर किया कटाक्ष
हैदराबाद। भाजपा सरकार से इत्तेफाक रखने वाले एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कश्मीर मुद्दे पर केन्द्र की नीतियों का समर्थन किया है। ओवैसी ने केन्द्र सरकार के सुर में सुर मिलाते हुए संयुक्त राष्ट्र की उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया, जिसमें कश्मीर को लेकर मानवाधिकार उल्लंघन की बात कही गई थी। ओवैसी ने कहा कि यह देश का अंदरूनी मामला है और इसके लिए वह हमेशा केन्द्र सरकार का समर्थन करते रहेंगे।
मक्का मस्जिद में बोल रहे हैदराबाद से सांसद ने कहा कि यह भारत की संप्रभुता का मामला है। ऐसे में जब कभी भी देश की संप्रभुता पर सवाल उठेगा तो वह मोदी सरकार ही नहीं, किसी भी सरकार का समर्थन करेंगे। ओवैसी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र किसी देश के अंदरूनी मामलों में कोई हस्तक्षेप नहीं कर सकता। हालांकि उन्होंने देश से अलग मामलों में अंतिम सांस तक पीएम मोदी का विरोध करने की बात कही।
बता दें कि संयुक्त राष्ट्र ने कश्मीर और पीओके में तथाकथित मानवाधिकार उल्लघंन पर 14 जून को एक रिपोर्ट जारी की थी। संयुक्त राष्ट्र ने अपनी इस 49 पन्नों की रिपोर्ट में मानवाधिकार संबंधी अंतरराष्ट्रीय जांच कराने की मांग की है। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय की ओर से जारी इस रिपोर्ट में कश्मीर और पीओके पर फोकस रखा गया है। वहीं भारत की ओर से इस रिपोर्ट पर तीखी प्रतिक्रिया दर्ज कराई गई है। भारत ने इस रिपोर्ट को भ्रामक बताया है। इस रिपोर्ट का संज्ञान ले विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह अखंड भारत की संप्रभुता पर सवालिया निशान लगाती है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पूरा कश्मीर भारत का हिस्सा है ऐसे में कश्मीर और पीओके का अलग-अलग जिक्र ठीक नहीं है।
Published on:
17 Jun 2018, 3:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.