
Priyanka Gandhi Vadra makes Dosa
"चुनाव जीतने के लिए बहुत पापड़ बेलने पड़ते हैं", यह कहावत तो सुनी है, पर इसके लिए डोसा भी बनाना पड़ता है, ऐसा नहीं सुना था। कर्नाटक में चुनावी रणभूमि तैयार हो चुकी है। इस रणभूमि पर 10 मई को चुनावी युद्ध होगा और 13 मई को यह तय होगा कि इस युद्ध में किसकी जीत हुई। कर्नाटक (Karnataka) में चुनावी युद्ध को जीतने के लिए सभी राजनीतिक पार्टियाँ पूरा जोर लगा रही हैं। राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी (BJP) सरकार दोहराने के लिए चुनावी रणभूमि में उतरेगी, तो कांग्रेस (Congress) सत्ता में वापसी के लिए। कांग्रेस जमकर कर्नाटक में प्रचार अभियान में जुटी हुई है। पार्टी की जनरल सेक्रेटरी प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) भी इसमें पीछे नहीं हट रही। आज प्रचार अभियान के तहत उन्होंने डोसा भी बनाया।
प्रियंका का 'चुनावी' डोसा
प्रियंका कर्नाटक में चुनाव प्रचार अभियान में पूरी तरह से जुटी हुई हैं। जनसभाओं को संबोधित करने के साथ ही कांग्रेस की जनरल सेक्रेटरी अलग-अलग जाकर लोगों से भी मिल रही हैं। प्रचार अभियान के तहत ही प्रियंका आज मैसूर पहुंची। मैसूर में चुनावी प्रचार अभियान के तहत प्रियंका मैलारी अग्रहारा रेस्टोरेंट पहुंची। मैलारी अग्रहारा रेस्टोरेंट मैसूर के बेहतरीन साउथ इंडियन रेस्टोरेंट्स में से एक है। यहाँ पहुंचने के बाद प्रियंका रेस्टोरेंट की रसोई में गई और डोसे बनाए। इसके बाद उन्होंने बच्चों और कुछ अन्य लोगों के साथ बैठकर डोसे का लुत्फ उठाया और उनसे बातचीत भी की।
इस मौके पर कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार (DK Shivakumar) भी उनके साथ मौजूद थे। चुनाव प्रचार अभियान के दौरान प्रियंका का इस तरह डोसा बनाना इस बात को दर्शाता है कि कांग्रेस इस चुनाव को हल्के में नहीं ले रही। जीतने के लिए पापड़ न सही, डोसे ज़रूर बनाए जा रहे हैं।
Published on:
26 Apr 2023 01:25 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
