
IANS file photo
Raghav Chadha BJP Statement: पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय ED की कार्रवाई के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। बीजेपी सांसद राघव चड्ढा ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी AAP पर पंजाब की संपदा को लूटने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने 'रंगला पंजाब' बनाने की कसमें खाई थीं, उसने आज राज्य की वित्तीय स्थिति को 'कंगला' बना दिया है।
राघव चड्ढा ने अपने बयान में कहा कि पंजाब के मतदाताओं ने आम आदमी पार्टी को भारी बहुमत शासन चलाने के लिए दिया था, न कि भ्रष्टाचार का जाल बुनने के लिए। उन्होंने इसे जनता के भरोसे का अपमान बताया। चड्ढा ने छापेमारी के दौरान की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बालकनी से 21 लाख रुपए नकद फेंके जाने की खबरें और करोड़ों रुपये के फंड की हेराफेरी के दस्तावेज यह साबित करते हैं कि यह पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत के साथ किया गया एक बहुत बड़ा धोखा है।
बीजेपी नेता ने आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले सांसदों का पक्ष रखते हुए कहा कि पार्टी के सात पूर्व सांसदों ने अलग होते समय यह साफ कर दिया था कि संगठन पूरी तरह से भ्रष्ट और समझौतावादी लोगों के चंगुल में है। चड्ढा ने खुलासा किया कि जब भी पार्टी के भीतर इन अनैतिक कार्यों और भ्रष्टाचार के मुद्दों को उठाने की कोशिश की गई, तो उन आवाजों को सख्ती से दबा दिया गया। उन्होंने कहा कि आज जांच एजेंसियों की कार्रवाई से जो सच बाहर आ रहा है, वह वास्तव में विचलित करने वाला है।
आरोपों को विस्तार देते हुए चड्ढा ने कहा कि जांच में सामने आ रहे दस्तावेज इशारा कर रहे हैं कि भ्रष्टाचार का पैसा विदेशों में खपाया गया है। यूएई, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में फर्जी कंपनियां बनाकर फंड की राउंड-ट्रिपिंग की गई। चड्ढा ने चिंता जताई कि एक तरफ पंजाब की सरकार और वहां की जनता पर 5 लाख करोड़ रुपये का विशाल कर्ज लदा हुआ है, वहीं दूसरी ओर सत्तासीन दल के नेता सरकारी खजाने को लूटकर अपनी जेबें भर रहे हैं और उस धन को ठिकाने लगा रहे हैं।
राघव चड्ढा ने अपनी बात को समाप्त करते हुए कहा कि हालांकि सरकारी एजेंसियां कानूनी कार्रवाई कर रही हैं, लेकिन असली न्याय पंजाब की जनता करेगी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लोग इस लूट और धोखे को देख रहे हैं। फरवरी 2027 के विधानसभा चुनावों में जनता अपने वोट की चोट से इस विश्वासघात का करारा जवाब देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी के खिलाफ 'असली कार्रवाई' तो पंजाब की जनता चुनाव के दौरान ही करेगी।
Published on:
09 May 2026 06:12 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
