9 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘AAP vs BJP: संजीव अरोरा पर ED की रेड से गरमाई पंजाब की सियासत, संजय सिंह ने जांच एजेंसी को बताया राजनीतिक हथियार’

ED Raid in Punjab: मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोरा के चंडीगढ़ आवास सहित 5 ठिकानों पर फिर से छापेमारी की है। इस कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है और इसे पंजाब को बदनाम करने की साजिश करार दिया है।

2 min read
Google source verification
sanjay singh

photo ani

AAP vs BJP Punjab: पंजाब की सियासत में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब प्रवर्तन निदेशालय ED ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी जांच के सिलसिले में कैबिनेट मंत्री संजीव अरोरा के ठिकानों पर फिर से दस्तक दी। अधिकारियों के मुताबिक, अरोरा के चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास सहित कुल पांच परिसरों पर तलाशी ली गई है। इस कार्रवाई के बाद आम आदमी पार्टी AAP ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस 'रेड' को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

'दो-तीन दिन चलेगा ये तमाशा'

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने इस छापेमारी को लेकर सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने ईडी को भाजपा का 'सुपारी किलर' करार देते हुए कहा कि यह तमाशा केवल दो-तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें फर्जी खबरें फैलाई जाएंगी और फिर ये 'सुपारी किलर्स' वापस लौट जाएंगे। सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार का मुख्य उद्देश्य पंजाब की भगवंत मान सरकार को बदनाम करना और राज्य के विकास कार्यों में बाधा डालना है। उन्होंने कहा कि पहले बंगाल और दिल्ली में विरोधियों के चरित्र की हत्या करने की कोशिश की गई और अब वही फॉर्मूला पंजाब में अपनाया जा रहा है।

'अदालतों में लात-जूते खाने वाली संस्था बनी ईडी'

संजय सिंह ने एक वीडियो संदेश साझा करते हुए जांच एजेंसियों की विश्वसनीयता पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ईडी आज की तारीख में निचली अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक फटकार खा रही है और यह देश की सबसे अविश्वसनीय संस्था बन गई है। सिंह के मुताबिक, अशोक मित्तल के बाद अब संजीव अरोरा को निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन एजेंसी किसी का अपराध बताने को तैयार नहीं है। उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि पंजाब में इस तरह की 'गुंडागर्दी' नहीं चलेगी और जनता चुनाव में इसका करारा जवाब देगी।

'औरंगजेब की तरह अत्याचार कर रहे मोदी'

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इस कार्रवाई की तुलना औरंगजेब के शासन से कर दी। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा कि जैसे ही बंगाल चुनाव खत्म हुए, पंजाब में रोज ईडी की छापेमारी शुरू हो गई है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पंजाब के पानी पर हमला किया, पंजाब यूनिवर्सिटी को हथियाने की कोशिश की और ग्रामीण विकास का पैसा रोक लिया। उन्होंने कहा कि मोदी जी पंजाबियों को प्रताड़ित कर रहे हैं, लेकिन जिस तरह गुरुओं ने औरंगजेब का सामना किया था, उसी प्रेरणा के साथ पंजाब इस अत्याचार का सामना करेगा।

मान सरकार को बदनाम करने की साजिश का आरोप

आम आदमी पार्टी ने इसे एक गहरी साजिश का हिस्सा बताया है। संजय सिंह ने कहा कि कल भी पंजाब में छापेमारी हुई थी और अब संजीव अरोरा को घेरा जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह पर आरोप लगाया कि वे भगवंत मान सरकार के अच्छे कामों को रोकने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। आप नेताओं का दावा है कि केंद्र सरकार विपक्षी नेताओं की राजनीति खत्म करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों ED, CBI को एक 'किलर गैंग' की तरह इस्तेमाल कर रही है, जिसका असली मकसद केवल डर का माहौल बनाना है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, 'पंजाब के पानी पर हमला किया, पंजाब विश्वविद्यालय को लेने की कोशिश की, ग्रामीण विकास का पैसा रोक लिया और अब ईडी की ताबड़तोड़ 'रेड' शुरू कर दी। कुछ वर्ष पहले मोदी जी ने पंजाब के किसानों को ललकारा था और उन्हें किसानों के आगे झुकना पड़ा। आज मोदी जी ने पूरे पंजाब को ललकारा है।’

बड़ी खबरें

View All

नई दिल्ली

दिल्ली न्यूज़

ट्रेंडिंग