
साउथ कोरिया के राष्ट्रपति मून इन मेट्रो से पहुंचे नोएडा, थोड़ी देर में सैमसंग मोबाइल प्लांट का करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली: भारत दौरे पर आए दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे इन ने नोएडा स्थित सैमसंग प्लांट का उद्घाटन किया। दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति मून पीएम मोदी के साथ दिल्ली से नोएडा तक मेट्रो का सफर किया। इस दौरान मेट्रो स्टेशन पर उन्हें देखने के लिए भीड़ बढ़ गई। इससे पहले राष्ट्रपति मून ने पीएम मोदी के साथ गांधी म्यूजियम का दौरा किया। जहां गांधी दर्शन पर दोनों राष्ट्राध्यक्ष ने चर्चा की। इससे पहले मून जे इन ने दोनों देशों के व्यापारिक प्रतिनिधियों के एक सम्मेलन को संबोधित किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया भारत के साथ अपने मजबूत संबंधों के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान राष्ट्रपति मून ने भारत में बन रहे स्मार्ट सिटी में सहयोग करने की भी इच्छा जताई। मून इन ने कहा कि भारत सरकार 100 स्मार्ट सिटी बनाने की परियोजना पर काम कर रही है जिसमें दक्षिण कोरिया आर्थिक रूप से मदद करने को तैयार है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मून इन ने कहा कि उनकी नई दक्षिणी नीति और पीएम मोदी की ईस्ट पॉलिसी के बीच एक तरह का गठबंधन है। पूरे एशिया में समृद्धि आने पर दोनों ही पॉलसियां खुद ही समाप्त हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया के बीच परस्पर संबंधों का एक लंबा इतिहास रहा है।
10 जुलाई को होगा औपचारिक स्वागत
राष्ट्रपति मून का 10 जुलाई को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत के साथ दिया जाएगा। इसके बाद प्रधान मंत्री मोदी और राष्ट्रपति मून की नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में आधिकारिक शिखर वार्ता होगी। जिसके बाद पीएम मोदी दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति के सम्मान में दोपहर का भोज भी देंगे। दोनों नेता भारत-दक्षिण कोरिया सीईओ राउंड टेबल कांफ्रेंस को भी संबोधित करेंगे। दोनों देशों के बीच कुछ समझौतों पर हस्ताक्षर होने की भी उम्मीद है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रविश कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आधिकारिक वार्ता के बाद मून की राजकीय यात्रा के दौरान विभिन्न समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। उसी दिन मून भारत के राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से मिलेंगे। राष्ट्रपति भवन में भी मून और उनके प्रतिनिधिमंडल के लिए एक भोज आयोजित किया जाएगा। 11 जुलाई को मून का दौरा समाप्त हो जाएगा।
Published on:
09 Jul 2018 05:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
