
CM की कुर्सी से रायसीना की रेस, 7 पूर्व मुख्यमंत्री जो लड़ रहे हैं लोकसभा चुनाव, बाप-बेटे तक हैं शामिल
नई दिल्ली। 2019 लोकसभा चुनाव (Loksabha Election) कई मायनों में अहम होता जा रहा है। कई दिग्गज नेताओं का चुनाव न लड़ना, कई बड़े चेहरों का टिकट कटना और कई हस्तियों का आखिरी चुनाव होना, यह 17वीं लोकसभा चुनाव राजनीतिक रिकॉर्डों का साक्षी भी बनने जा रहा है। इस चुनाव में एक ऐसा भी रिकॉर्ड बन रहा है, जो शायद न पहले बना है और न आगे बन पाए। एक साथ देश के सात पूर्व मुख्यमंत्री (Ex Chief Minister) इस बार लोकसभा चुनाव (Loksabha Election) लड़ रहे हैं। इनमें तीन पूर्व मुख्यमंत्री तो झारखंड (JHARKHAND) से ही हैं। इतना नहीं एक पूर्व सीएम उम्मीदवार तो ऐसे हैं, जो देश के प्रधामनंत्री (Prime Minister) भी रह चुके हैं।
- एक नजर डालते हैं उन सात पूर्व मुख्यमंत्रियों पर, जो लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं-
| क्रमांक | नाम | राज्य | CM कार्यकाल | पार्टी |
| 1. | एचडी देवेगौड़ा | कर्नाटक | 1994 से 1996 | जनता दल सेक्युलर (JDS) |
| 2. | मुलायम सिंह यादव | उत्तर प्रदेश | 29 अगस्त, 2003 से 13 मई, 2017 तक, 5 दिसंबर, 1993 से 3 जून 1995 तक, 5 दिसंबर, 1989 से 24 जून 1991 तक | समाजवादी पार्टी (SP) |
| 3. | शिबू सोरेन | झारखंड | 2005 में 10 दिनों के लिए, 2008 से 2009 तक, 2009 से 2010 तक | झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) |
| 4. | दिग्विजय सिंह | मध्य प्रदेश | 7 दिसंबर, 1993 से 8 दिसंबर, 2003 तक | कांग्रेस (CONGRESS) |
| 5. | बाबू लाल मरांडी | झारखंड | 2000 से 2003 तक | झारखंड विकास मोर्चा (JVM) |
| 6. | अर्जुन मुंडा | झारखंड | 2003 से 2005 तक, 2005 से 2006 तक, 2010 से 2013 तक | भारतीय जनता पार्टी (BJP) |
| 7. | अखिलेश यादव | उत्तर प्रदेश | 2012 से 2017 तक | समाजवादी पार्टी (SP) |
झारखंड से तीन पूर्व मुख्यमंत्री हैं इस बार चुनावी मैदान में
सात पूर्व मुख्यमंत्रियों में तीन पूर्व मुख्यमंत्री झारखंड से हैं। इनमें जेएमएम के शिबू सोरन (दुमका लोकसभा सीट), जेवीएम के बाबू लाल मरांडी (कोडरमा लोकसभा सीट) और भाजपा के अर्जुन मुंडा (खूंटी लोकसभा सीट) शामिल हैं। बिहार से अलग होने के बाद भाजपा में रहते हुए बाबू लाल मरांडी झारखंड के सीएम बने। हालांकि, साल 2006 में उन्होंने जेवीएम नामक अलग अपनी पार्टी बनाई। वहीं, अर्जुन मुंडा तीन बार झारखंड के सीएम रह चुके हैं। जबकि, शिबू सोरेन भी झारखंड के तीन बार मुख्यमंत्री रहे हैं। इस चुनाव के जरिए शिबू सोरेन एक और रिकॉर्ड बनाने जा रहे हैं। अगर वह 2019 लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करते हैं, तो यह उनकी नौवीं जीत होगी। हालांकि, इस बार यह उनका आखिरी लोकसभा चुनाव होगा।
मुलायम और अखिलेश बना रहे हैं अनोखा रिकॉर्ड
वैसे तो इस लोकसभा चुनाव में सात पूर्व मुख्यमंत्री अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। लेकिन, मुलायाम सिंह यादव और अखिलेश यादव जो कि पिता-पुत्र हैं इस चुनाव में अनोखा रिकॉर्ड बनाने जा रहे हैं। दोनों ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और इस बार एक साथ लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि अखिलेश यादव आजमगढ़ लोकसभा सीट से चुनावी ताल ठोक रहे हैं। मुलायम सिंह का यह आखिरी चुनाव है, लेकिन दोनों बाप-बेटों ने मिलकर भारतीय राजनीति में अनोखा रिकॉर्ड बना दिया है।
EX सीएम और पीएम देवेगौड़ा भी रेस में
जनता दल सेक्युलर (JDS) के सुप्रीमो एच डी देवेगौड़ा कर्नाटक के तुमकुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। देवेगौड़ा कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं, साथ ही 1 जून 1996 से लेकर 21 अप्रैल 1997 तक वह देश के प्रधानमंत्री भी रहे हैं।
Published on:
25 Apr 2019 07:00 am
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
