सूरत. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में नौ साल पूरे करने वाली भाजपा सरकार ने अनगिनत उपलब्धियां हासिल की है। वे 70 वर्ष की उम्र में भी भारत ही नहीं, विश्व के यूथ आईकॉन बने हुए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी से भी अधिक लोकप्रियता उन्होंने हासिल की है। यह बात मंगलवार सुबह पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्द्धन ने सूरत में कही। केंद्र में भाजपा सरकार के नौ साल पूरे होने पर पार्टी की ओर से महाजनसंपर्क अभियान शुरू किया गया है। 30 जून तक चलने वाले इस अभियान में केंद्रीय मंत्री, सांसद-विधायक देशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नौ साल की उपलब्धियों के बारे में जा-जाकर बता रहे हैं। इस कड़ी में पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्द्धन, बिहार में दरभंगा के विधायक संजय सरावगी मंगलवार को सूरत आए। इस मौके पर भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. हर्षवर्द्धन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति अर्जित करने वाली विभूतियां स्वामी विवेकानंद और महात्मा गांधी की श्रेणी में शामिल है। सुशासन, गरीब कल्याण और आम आदमी की संवेदना से जुड़ी रॉल मॉडल सरकार है।