
पशुओं का टीकाकरण करती टीम (फोटो-पत्रिका)
प्रतापगढ़। जिले में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसे संक्रामक रोग से बचाने के लिए पशुपालन विभाग ने व्यापक टीकाकरण अभियान शुरू किया है। मानसून से पहले चलाया जा रहा यह अभियान 15 मई तक जारी रहेगा। विभाग को इस बार 4 लाख 85 हजार 500 पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया है, जिसमें गोवंश और भैंसवंश दोनों शामिल हैं। अब तक एक लाख 20 हजार से अधिक पशुओं को वैक्सीन लगाई जा चुकी है और शेष लक्ष्य को तय समय में पूरा करने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
अभियान के तहत पशुपालन विभाग की टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण कर रही हैं। विभाग द्वारा पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है, जिससे प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए। अधिकारियों के अनुसार, मानसून के दौरान खुरपका-मुंहपका रोग फैलने की आशंका अधिक रहती है, इसलिए समय रहते टीकाकरण करना बेहद जरूरी है।
खुरपका-मुंहपका रोग एक अत्यंत संक्रामक विषाणुजनित बीमारी है, जो एक पशु से दूसरे पशु में तेजी से फैलती है। इस रोग के लक्षणों में बुखार, मुंह और खुरों पर फफोले, मुंह से लार गिरना और चलने में परेशानी शामिल हैं। यह बीमारी संक्रमित पशुओं के संपर्क में आने, दूषित चारा-पानी के सेवन या संक्रमित बिछावन के संपर्क से फैलती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस रोग का कोई प्रभावी इलाज नहीं है, इसलिए टीकाकरण ही इससे बचाव का सबसे कारगर उपाय है। यही कारण है कि पशुपालन विभाग हर वर्ष मानसून से पहले यह अभियान चलाता है, ताकि पशुओं को समय रहते सुरक्षा मिल सके।
खुरपका-मुंहपका रोग पशुपालकों के लिए आर्थिक रूप से बेहद नुकसानदायक साबित होता है। इससे पशुओं का वजन घटता है, दूध उत्पादन कम हो जाता है और प्रजनन क्षमता भी प्रभावित होती है। साथ ही, संक्रमित पशुओं को पूरी तरह स्वस्थ होने में लंबा समय लगता है, जिससे पशुपालकों को अतिरिक्त नुकसान उठाना पड़ता है।
इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण करवाएं और इस अभियान में सहयोग करें, ताकि बड़े आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
'जिले में पशुओं के मुंहपका और खुरपका रोग से बचाने के लिए टीकारण कार्य किया जा रहा है। जिले में 4,85,500 पशुओं के टीकाकरण किया जाना है। जिले में सभी नोडल अधिकारियों को लक्ष्य आवंटित किए गए हैं। इस आधार पर टीकाकरण किया जा रहा है।' -डॉ. श्रीनिवास सांवले, संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग प्रतापगढ़
Published on:
22 Apr 2026 05:34 pm
बड़ी खबरें
View Allप्रतापगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
