
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रयागराज के फूलपुर स्थित इफको परिसर के केंद्रीय विद्यालय में आयोजित जनपद स्तरीय वृहद रोजगार एवं ऋण वितरण मेले में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जो टीपू आज सुल्तान बनने का ख्वाब देख रहे हैं, वह माफिया के सामने नाक रगड़ते हैं। इन्होंने माफिया को गले का हार बनाकर प्रयागराज के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था। लेकिन, आज सिर उठाने वाले माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा, "बुलडोजर चलाने के लिए हिम्मत चाहिए। माफियाओं, दंगाइयों और अपराधियों के सामने नाक रगड़ने वाले क्या बुलडोजर चलाएंगे, इसके लिए हिम्मत चाहिए। इन्हें तो बुलडोजर देखते ही हार्ट अटैक आ जाएगा।"
मुख्यमंत्री योगी ने मनचलों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी ने भी बेटी पर गंदी नजर डाली तो वह अपने पैरों पर नहीं चल सकेगा। राह चलती बेटी पर हाथ डालने का प्रयास किया तो उसके हाथ अलग होंगे, पैर अलग होंगे। बेटियों पर बुरी नजर डालने वाले लोग बख्शे नहीं जाएंगे। उनका चौराहों पर जुलूस निकलवाएंगे। उन्होंने कहा कि हम सभी को सुरक्षा और सम्मान और प्रदान करने को कटिबद्ध है। अपराधियों को किसी भी रूप में बख्शेगें नहीं।
प्रदेश में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से 40,000 युवाओं को जल्द नियुक्ति देने और अन्य सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया को भी जल्द किए जाने का सीएम योगी ने जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह साल हमारे लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि जनवरी में महाकुंभ का आयोजन होने जा रहा है। प्रयागराज वैश्विक मंच पर फिर से अमिट छाप छोड़ेगा। जो प्रयागराज क्षेत्र वैदिक सनातनियों का केंद्र रहा है, उसके सामने पहचान का संकट किसने खड़ा किया था। ये काम जाति के नाम पर लड़ाने वाले लोगों ने किया था।
सीएम योगी ने आगे कहा कि कुंभ तो आपने 2013 में भी देखा होगा और 2019 में कुंभ का आयोजन भी देखा होगा। 2013 में जो भी कुंभ में आया, वह यह सोचकर गया होगा कि आगे से यहां नहीं आना है। मगर, 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हमने दुनिया को बता दिया कि कुंभ कैसे होता है। कुंभ सुरक्षा, सेवा और व्यवस्था का एक मॉडल होता है, जिसे हमने स्थापित किया। प्रयागराज का सम्मान दुनिया के अंदर बढ़ा। उसी सम्मान को बहाल करने के लिए हम एक बार फिर आपके सामने आए हैं।
सीएम योगी ने इस बात पर जोर देकर कहा कि आपके सामने पहचान का संकट चाचा और भतीजा की वसूली से उत्पन्न हुआ। इनके द्वारा एरिया बांट दिया जाता था, कहीं चाचा जाते थे तो कहीं भतीजा। ये महाभारत के रिश्ते वसूली की रकम लूटने के लिए एकसाथ टूट पड़ते थे और चाचा को धक्का दे दिया जाता था। मगर, अब ऐसा नहीं हो सकता। यूपी में कोई वसूली नहीं कर सकता।
सीएम योगी ने आगे कहा कि हम तो तय करके आए थे कि जो युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करेगा, उसे हम जेल में भेजेंगे, संपत्ति को जब्त करेंगे और सभी अवैध कब्जों को मुक्त कराकर गरीबों के लिए आवास और महिला संरक्षण गृह भी बनाएंगे। दंगा करने की कीमत क्या होती है, यह दंगाइयों को हम अच्छे से बता देंगे। जब पोस्टर टांगकर सात पीढ़ियों तक वसूली होगी तो अच्छे-अच्छे सुधर जाएंगे। माफिया समाज का कोढ़ है, इसे समाज से निकाला नहीं जाए तो हमेशा ये आपका वर्तमान और भविष्य खराब करते रहेंगे।
Updated on:
4 Sep 2024, 7:08 PM IST
Published on:
4 Sep 2024, 6:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.