
शादी का झांसा देकर शोषण | (फोटो सोर्स- symbolic image)
Prayagraj Crime News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। जहां एक युवती जिसने एक युवक पर सबसे ज्यादा भरोसा किया, उसी ने शादी का झांसा देकर दो साल तक उसका शोषण किया। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी अपनी बात से मुकर गया और अब पीड़िता को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर रहा है।
मऊआइमा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती का गांव के ही एक युवक के साथ पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अलग-अलग जातियों से थे, लेकिन युवती का कहना है कि परिवार वाले इस रिश्ते के लिए तैयार थे। इसी भरोसे का फायदा उठाकर युवक ने उसे कई बार अपने घर बुलाया और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने बताया कि पिछले एक महीने से आरोपी का व्यवहार अचानक बदल गया। उसने छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करना शुरू कर दिया और युवती का फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिया। जब युवती ने किसी तरह उससे संपर्क कर शादी के बारे में पूछा, तो आरोपी ने साफ कह दिया कि वह उससे कोई रिश्ता नहीं रखना चाहता।
मामला तब और बिगड़ गया जब युवती ने इसका विरोध किया। आरोप है कि युवक अब युवती को धमकी दे रहा है कि अगर उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो वह उसके कुछ अश्लील वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर देगा। इतना ही नहीं, जब युवती के घरवाले बात करने के लिए युवक के घर गए, तो युवक के पिता और भाई ने पीड़िता के परिवार के साथ गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी देकर घर से भगा दिया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मऊआइमा थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
Published on:
08 Apr 2026 10:41 am
बड़ी खबरें
View Allप्रयागराज
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
