19 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अतीक के शूटर ने बहन के साथ रचा था प्लान, प्रॉपर्टी डीलर मर्डर केस में खुलासा, चाय पीने निकला था अशरफ का गनर

प्रयागराज में प्रॉपर्टी डीलर इरफान की गोली मारकर हत्या के मामले में अतीक अहमद गैंग के शूटर आसिफ दुर्रानी और उसकी बहन जेबा को आरोपी बनाया गया है।

2 min read
Google source verification
चाय पीने निकले प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या

चाय पीने निकले प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या

Prayagraj News: प्रयागराज में एक और सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। माफिया अशरफ के पुराने गनर रहे प्रॉपर्टी डीलर इरफान (45) की 8 अप्रैल की शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। अब इस मामले में अतीक अहमद के कुख्यात शूटर आसिफ दुर्रानी की बहन जेबा को भी आरोपी बना दिया गया है। वादी के मजिस्ट्रेट के सामने दिए बयान के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। साथ ही साजिशकर्ता अरशद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

हत्या कैसे हुई?

इरफान करेली क्षेत्र के बिस्मिल्लाह चौराहे के पास रहते थे। 8 अप्रैल की शाम करीब 6:30 बजे वह चाय पीने गए थे। तभी दो बाइक पर सवार चार शूटरों ने उन पर हमला कर दिया और गोली मार दी। इरफान मौके पर ही मारे गए। इरफान पहले अतीक अहमद के भाई अशरफ का गनर रह चुका था। परिजनों ने तहरीर दी जिसमें आसिफ दुर्रानी, उसके भाई राशिद दुर्रानी और अन्य अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया।

जेबा को आरोपी बनाया गया

जेबा, आसिफ दुर्रानी की सगी बहन है। वादी ने मजिस्ट्रेट के सामने बयान दिया कि हत्या की साजिश में जेबा भी शामिल थी। उसने पहले इरफान को धमकी भी दी थी। खास बात यह है कि जेबा और मृतक इरफान की बेटी एक ही घर में ब्याही हुई हैं। दोनों परिवारों के बीच प्रॉपर्टी को लेकर काफी पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस ने वादी के बयान के बाद जेबा का नाम भी मुकदमे में जोड़ दिया है।

फरार हैं आसिफ और राशिद

आसिफ दुर्रानी और उसका भाई राशिद अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। घटना के दिन आसिफ शहर में ही था, लेकिन अगले दिन वह फरार हो गया। सूत्रों के अनुसार, धूमनगंज के एक प्रॉपर्टी डीलर ने उसकी मदद की। उसने आसिफ को कैश दिया और नवाबगंज तक छोड़ने की व्यवस्था भी की। अब आसिफ सरेंडर करने की सोच रहा है और कुछ वकीलों से संपर्क कर रहा है। पुलिस ने दोनों भाइयों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। सिटी एसओजी, सर्विलांस टीम और जनपदीय एसओजी की टीमें उनकी तलाश में लगी हुई हैं। उनके सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

आसिफ का गैंगस्टर बैकग्राउंड

आसिफ दुर्रानी अतीक अहमद के आईएस-227 गैंग का सक्रिय सदस्य था। वह माफिया भाइयों का खास शूटर माना जाता था। आसिफ रील बनाने का बहुत शौकीन था। उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई रील्स पोस्ट की थीं। इनमें बॉलीवुड मूवीज और वेब सीरीज के डायलॉग लगाए गए थे। एक रील में उसने अतीक के कुख्यात शूटर जुल्फिकार उर्फ तोता के साथ अपनी फोटो लगाई थी और लिखा था – “आएंगे एक दिन, Wait & Watch”। हत्या के एक दिन बाद तक उसका अकाउंट एक्टिव था, लेकिन उसके बाद उसे डिलीट कर दिया गया।

पुलिस की जांच और खुलासा

पुलिस ने अब तक अरशद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने खुलासे का दावा किया है, लेकिन कई बड़े सवाल अभी भी अनसुलझे हैं। गोली किसने मारी? हत्या करने वाले दो बदमाश कौन थे? जेल भेजे गए आरोपियों को क्या लालच दिया गया था? इन सवालों के जवाब अभी पुलिस के पास नहीं हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों फरार भाइयों की तलाश तेज कर दी गई है। उनके हर संभावित ठिकाने पर छापेमारी जारी है।

परिवार और इलाके में दहशत

इरफान की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया है। प्रॉपर्टी विवाद को लेकर पहले से तनाव था, जो अब हत्या तक पहुंच गया। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस लगातार छानबीन कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही फरार आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।