
अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन (फोटो एएनआई)
Atiq Ahmad Son Aban Ahmed Death Road Accident: माफिया अतीक अहमद के परिवार पर दुखों का पहाड़ एक बार फिर टूटा है। कौशांबी-झांसी हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा उस वक्त हुआ जब अबान अपने दोस्तों के साथ झांसी जेल में बंद अपने अली अहमद से मुलाकात करने जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, पूंछ थाना क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
इस दर्दनाक हादसे के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या अपने दूसरे बेटे को गंवाने के बाद माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन सामने आएंगी? शाइस्ता परवीन पिछले तीन सालों से उमेश पाल हत्याकांड के बाद से ही पुलिस की पकड़ से बाहर हैं और लगातार फरार चल रही हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) शाइस्ता की तलाश में करीब 9 राज्यों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर चुकी है। इस काम में एटीएस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की भी मदद ली गई, लेकिन शाइस्ता का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने उन पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है।
अतीक अहमद के परिवार में यह चौथी मौत है। इससे पहले खुद अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ और बेटे असद की मौत हो चुकी है। असद के एनकाउंटर के वक्त भी यह कयास लगाए जा रहे थे कि शाइस्ता अपने बेटे के अंतिम संस्कार में शामिल होने आ सकती हैं। इसके अलावा जब अतीक और अशरफ का जनाजा निकला था, तब भी माना जा रहा था कि शाइस्ता सरेंडर कर सकती हैं या अंतिम विदाई में पहुंच सकती हैं। हालांकि, हर बार वह पुलिस की चौकसी के बीच गायब ही रहीं।
अब छोटे बेटे अबान की मौत के बाद एक बार फिर कयासों का दौर शुरू हो गया है। पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है और हर संभावित ठिकाने व अंतिम संस्कार वाले स्थल पर कड़ी निगरानी रख रहा है। हालांकि, कानूनी एजेंसियों और स्थानीय लोगों के मन में यही सवाल तैर रहा है कि क्या शाइस्ता अपने ममता के इस आखिरी मोड़ पर बाहर आएंगी या फिर पहले की तरह अंडरग्राउंड ही रहेंगी।
Updated on:
06 Aug 2026 03:33 pm
Published on:
06 Aug 2026 03:12 pm
