
चेतन चौधरी के साथ कैफे में बैठकर प्लान बनाया, 2,000 से ज्यादा फोन कॉल पर बात भी की (X @Vishii14)
Ketan Agrawal Murder Case: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच कर रही पुणे रूरल पुलिस ने दावा किया है कि उनकी हत्या की कथित साजिश 31 मई को लोहगढ़ किले की यात्रा के दौरान शुरू हुई थी। पुलिस के मुताबिक, केतन और आरोपी सिया गोयल उस दिन साथ में किले पर गए थे, जहां सिया ने कथित तौर पर केतन को किले के किनारे बैठा देखकर उसे मारने का विचार बनाया। जांचकर्ताओं का दावा है कि इसके बाद 14 जून को कथित तौर पर उसे किले से धक्का देने की कोशिश की गई, लेकिन तब सफल नहीं हो सकी।
पुलिस का कहना है कि सिया और चेतन चौधरी ने कैफे में बैठकर प्लान पर चर्चा की थी और दोनों के बीच कई महीनों में 2,000 से ज्यादा फोन कॉल भी हुए। अधिकारियों ने कहा कि घटना से पहले सिया और चेतन कथित तौर पर एक कैफे में मिले थे, जहां उन्होंने प्लान पर चर्चा की और किले पर उन संभावित जगहों की पहचान की जहां से पीड़ित को धक्का दिया जा सकता था।
पुलिस जांच में यह भी दावा किया गया है कि सिया गोयल केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी और कथित तौर पर उसने अपने दोस्त चेतन चौधरी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, सिया और चेतन की मुलाकात पिछले साल एक दिवाली पार्टी में हुई थी, जिसके बाद दोनों की दोस्ती बढ़ गई। जांचकर्ताओं का कहना है कि सिया परिवार के दबाव के बावजूद केतन से शादी आगे नहीं बढ़ाना चाहती थी और वह खुद के लिए और समय चाहती थी। पुलिस का दावा है कि सिया चेतन के करीब आ गई थी, लेकिन वह उससे भी शादी करने के लिए तैयार नहीं थी। जांच में पुलिस को शक है कि सिया कथित तौर पर चेतन के साथ अपना रिश्ता जारी रखते हुए केतन को खत्म करना चाहती थी।
केतन के विशाल का पिता का कहना है कि जिस दिन ये घटना हुई उसी दिन सिया अपने दोस्त चेतन के साथ बाइक से लोहागढ़ किला गई थी। उनका कहना है कि चेतन और सिया ने मिलकर पहले केतन पर किसी चीज से हमला किया और फिर उसे खाई में धक्का दे दिया। विशाल अग्रवाल ने कहा कि अगर सिया को यह शादी नहीं करनी थी, तो वह साफ मना कर सकती थी। ऐसे में परिवार बिना किसी विवाद के रिश्ता खत्म कर देता।
18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले पर 26 साल के केतन अग्रवाल की मौत को शुरुआत में पुलिस ने हादसा माना था। सिया गोयल ने बताया था कि फोटो लेते समय केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गया। लेकिन जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को इस कहानी पर शक होने लगा। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक युवक हुडी और शॉर्ट्स पहने एक व्यक्ति दंपति का पीछा करते हुए दिखाई दिया, जिसकी पहचान बाद में चेतन के रूप में हुई। फोन रिकॉर्ड से सिया और चेतन के बीच 2,000 से ज्यादा कॉल का भी पता चला। इसके बाद दूसरे सबूतों की जांच की गई, जिसके आधार पर पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि दोनों ने मिलकर केतन की हत्या की योजना बनाई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Updated on:
24 Jun 2026 03:58 pm
Published on:
24 Jun 2026 03:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
