17 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

TCS Nashik Case: ‘घर पर आई ही नहीं पुलिस’ – फरार घोषित निदा खान के परिवार ने तोड़ी चुप्पी, सभी आरोपों को ठहराया गलत

TCS Nashik Case: टीसीएस नाशिक केस में नीदा खान के परिवार ने चुप्पी तोड़ते हुए सभी आरोपों को गलत बताया है। साथ ही वायरल फोटो को भी फर्जी बताया और कहा कि नीदा फरार नहीं हैं, सच कुछ और है।

3 min read
Google source verification

पुणे

image

Harshita Saini

Apr 17, 2026

tcs nashik case nida khan family statement on allegations and viral photo

टीसीएस नाशिक केस में कथित आरोपी नीदा खान के परिवार का बयान (सोर्स-IANS)

TCS Nashik Case: नाशिक के चर्चित TCS BPO मामले में बड़ा ट्विस्ट सामने आया है। इस मामले में 26 साल की निदा खान को मास्टरमाइंड कह जा रहा था और उन्हें कंपनी का ‘HR हेड’ भी बताया जा रहा था, लेकिन अब निदा खान के परिवार वालों ने चुप्पी तोड़ी है और उनका कहना है कि उनकी बेटी निदा खान का उस कंपनी के HR विभाग से कोई लेना-देना नहीं है। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल उनकी फोटो जिस पर "नाशिक यूनिट की HR हेड’ लिखा है, उसे लेकर भी निदा खान के परिवार वालों ने बयान दिया है।

निदा खान के परिवार का क्या है कहना?

एचटी से बात करते हुए परिवार ने साफ कहा कि निदा खान कंपनी के HR विभाग में काम नहीं करती हैं। वह एक टेली-कॉलर हैं और सेल्स टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने 2021 में इस कंपनी को जॉइन किया था और वह जूनियर लेवल पर ही काम करती हैं। उनके ऊपर कई सीनियर अधिकारी मौजूद हैं। साथ ही सोशल मीडिया और टीवी चैनल्स पर चल रही फोटो को लेकर भी उन्होंने कहा है कि वह फोटो उनके सोशल मीडिया अकाउंट से ली गई है और उस पर पद का नाम खुद से जोड़ दिया गया है।

पिता की बातों में झलका दर्द

गुरुवार को बातचीत के दौरान निदा खान के पिता ने कहा कि उन्हें पछतावा हो रहा है कि उन्होंने निदा को नौकरी करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि कभी उन्हें अपनी बेटी के टीसीएस जैसी मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने पर गर्व था, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि उन्हें उसी फैसले पर अफसोस हो रहा है। उनके अनुसार निदा के बारे में जो बातें फैलाई जा रही हैं, वे सच नहीं हैं और इससे पूरा परिवार परेशान है। उन्होंने बताया कि तनाव की वजह से निदा की मां की तबीयत भी खराब हो गई है।

मामा बोले-“वो कहीं भाग नहीं रही”

निदा खान के मामा ने बताया कि शादी के बाद वह जनवरी में अपने पति के साथ मुंबई शिफ्ट हो गई थीं। वहां पर वह मलाड में स्थित कंपनी के BPO में काम कर रही थीं। हालांकि 9 अप्रैल को उन्हें सस्पेंड कर दिया गया। निदा के मामा ने दावा किया कि वह किसी से नहीं छिप रही है और अभी तक कोई भी पुलिस अधिकारी उनके घर नहीं आया है और न ही उनकी लोकेशन के लिए पूछताछ की गई है। परिवार ने बातचीत के दौरान बताया कि इस समय मुंबई में अपने पति के साथ रह रही हैं और अपने पहले बच्चे की उम्मीद कर रही हैं।

जमानत के लिए की जा रही तैयारी

नीदा खान के वकील बाबा सैयद ने बताया कि उनके लिए नाशिक की सेशंस कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल करने की तैयारी चल रही है और यह प्रक्रिया एक-दो दिनों में पूरी हो सकती है। वहीं, उनके भाई ने कहा कि जब शुरुआत में मामला सामने आया तो उन्हें लगा कि शायद किसी और महिला पर केस दर्ज हुआ है, लेकिन बाद में निदा ने खुद बताया कि मामला उन्हीं के खिलाफ है। इस पूरी स्थिति से परिवार को गहरा मानसिक झटका लगा है।

निदा खान पर क्या- क्या थे आरोप?

निदा खान उन 8 कर्मचारियों में शामिल है, जिन पर अपने साथ काम करने वाले लोगों के साथ बलात्कार, यौन उत्पीड़न, धार्मिक दबाव और अन्य तरह के उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। सात आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और पुलिस का कहना है कि निदा खान अभी फरार है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनका नाम देवळाली पुलिस स्टेशन में दर्ज हुई केवल एक FIR में सामने आया है, जो 26 मार्च को दर्ज हुई थी और जिसमें धार्मिक टिप्पणी से जुड़ा आरोप है।