23 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सोनिया गांधी की रायबरेली सीट पर बीजेपी की नजर, 2019 से पहले घेरने की बन रही रणनीति!

यूपी के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने रायबरेली को दी 121 करोड़ की सौगात, गांधी परिवार को अमेठी-रायबरेली घेरने की कोशिश!

2 min read
Google source verification
Sonia Gandhi

रायबरेली. उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने निकाय चुनाव की अधिसूचना से कुछ घण्टों पहले कांग्रेस के गढ़ रायबरेली की जनता को 121 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार की चलाई जा रही हैं योजनाओं को भी गिनाया। नगर विकास मंत्री ने रायबरेली में निकाय चुनाव का बिगुल फूंकते हुए मतदाताओं से भाजपा को वोट देने का वचन भी लिया।

कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने सपा-बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और इन पार्टियों को फुंके ट्रांसफार्मर की तरह बताया। उन्होंने लोगों से पूछा कि अगर बिजली सप्लाई भेजने वाला ट्रांसफारर्मर ही फुंका हो तो क्या वह लाइट दे पाएगा, तो लोगों ने नहीं में जवाब दिया। मंत्री ने कहा कि अगर आप भाजपा को वोट करेंगे तो हर वक्त उजाले में रहने का मौका मिलेगा।

सोनिया-राहुल को गढ़ में घेरने की कोशिश
जिले के सियासी गलियारों में चर्चा है कि भाजपा रायबरेली और अमेठी में 2019 के लिए अभी से राजनीतिक जमीन तैयार कर रही है। इसके लिए पार्टी ने मां-बेटे के संसदीय क्षेत्र (रायबरेली-अमेठी) में सेनापतियों और सिपाहियों की तैनाती शुरू कर दी है। अभी कुछ दिनों पहले ही राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ,केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा हुई थी। सभी ने कांग्रेस को उखाड़ फेंकने और भाजपा को लाने की बात कही थी। राजनीतिक जानकारों की मानें तो निकाय चुनाव के बहाने भाजपा ने अभी से सोनिया और राहुल गांधी को घेरने की तैयारियों पर अमल करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस भी इस बात को समझ चुकी है। इसीलिए अभी हाल ही में राहुल गांधी तीन दिवसीय अमेठी दौरे पर आए थे। उन्होंने खुलकर जनता से मुलाकात की। यहां रात्रि विश्राम भी किया।

रायबरेली को इन योजनाओं की सौगात
रायबरेली में नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कुल तकरीबन 121 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इन योजनाओं में शहर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, जिले की सभी नगर पंचायतों के लिए स्वछता वैन, ऊंचाहार में सामुदायिक शौचालय, सलोन में सामुदायिक शौचालय सहित अन्य कार्य शामिल हैं। इसके अलावा शहरी बेघरों के लिए सदर तहसील के ग्राम धौरहरा में आश्रय गृह, नगर पंचायत ऊंचाहार में 05 समुदायिक शौचालय, ऊंचाहार मार्ग पर सार्वजनिक शौचालय, अमृत योजना के अन्तर्गत रायबरेली नगर पालिका परिषद क्षेत्र में सीवरेज एवं सेप्टेज प्रबन्धन, मुंशीगंज में आसरा योजना के तहत आश्रम गृह, ग्राम अतरेहटा में कान्हा पशु आश्रम योजना के तहत कान्हा पशु आश्रम, नगर पंचायत डलमऊ में निर्माणाधीन अन्त्येस्टि स्थल का विकास, नगर क्षेत्र रायबरेली में 06 सामुदायिक शौचालय, नगर पंचायत परशदेपुर में आदर्श योजना के तहत सार्वजनिक शौचालय, नगर पंचायत सलोन में निर्माणाधीन परशदेपुर मार्ग पर जल निकासी के लिए बड़ी नाली का निर्माण एवं नगर पंचायत परशदेपुर कार्यालय परिसर के पास स्थित 12 बीघे भूमि पर निर्माणाधीन बैरीकेटिंग कार्य शामिल हैं।

देखें वीडियो-