
सड़क पर अतिक्रमण को लेकर सख्त हुआ निगम, विज्ञापन बोर्ड किया जब्त, व्यवसायियों को दी गई हिदायतें
रायगढ़. सड़क पर किए गए अतिक्रमण को लेकर निगम और ट्रैफिक अमले ने एक बार फिर अभियान चलाया। इस अभियान में सड़क पर दुकानों के रखे विज्ञापन बोर्ड को जब्त किया गया। वही व्यवसायियों को हिदायत दी गई कि सामान बाहर नहीं निकले। इसका पालन नहीं करने पर सामान को जब्त किए जाने की बात भी कही।
शहर की यातायात व्यवस्था खराब है। इसकी वजह से शहर के विभिन्न स्थानों पर आए दिन जाम की स्थिति निर्मित होती है। सबसे ज्यादा खराब स्थिति मुख्य बाजार सुभाष चौक इलाके की है। इसके अलावा हंडी चौक से कोतवाली मार्ग व सुभाष चौक मार्ग पर भी आए दिन जाम की स्थिति देखने को मिलती है। इससे लोगों को काफी परेशान होना पड़ रहा है। लोगों की इस समस्या को लेकर नगर निगम व ट्रैफिक विभाग के द्वारा अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान चलाया गया।
यह अभियान खास कर उन लोगों के लिए था, जो दुकान का सामान बाहर सड़क पर रखे रहते हैं। साथ ही दुकान का विज्ञापन बोर्ड सड़क पर लगाते हुए जाम की स्थिति निर्मित करते हैं। दोनों विभागों का यह संयुक्त अभियान शहर के घड़ी चौक से शुरू हुई। इसके बाद टीम सतीगढ़ी चौक, सिविल लाइन, रेलवे स्टेशन चौक, महात्मा गांधी चौक, सुभाष चौक, पुराना शनि मंदिर मार्ग होते हुए राम निवास टाकीज चौक पहुंची। वहीं इसके बाद भोगदा पुलिया मार्ग होते हुए महात्मा गांधी चौक पहुंची। वहीं अन्य मार्गों पर भी संयुक्त टीम पहुंची थी। इस दौरान टीम के द्वारा सड़क पर रखे गए व्यवसायियों के विज्ञापन बोर्ड को जब्ती बनाया गया। साथ ही उन्हें यह हिदायत दी गई कि सड़क पर यदि सामान रखा जाता है तो निगम उसे जब्त कर लेगी।
ठोस कार्रवाई का अभाव
शहर की यातायात व्यवस्था लंबे समय से खराब है। इस बात को लेकर नगर निगम और ट्रैफिक विभाग के द्वारा इससे पहले भी कई बार अभियान चलाया गया। वही अभियान के दौरान व्यवसायियों के विज्ञापन बोर्ड के अलावा कुछ सामान भी जब्त किए गए। इस कार्रवाई के कुछ दिन तक तो स्थिति ठीक रहती है, लेकिन इसे बाद फिर से जस की तस हो जाती है। यातायात व्यवस्था को लेकर ठोस कार्रवाई का अभाव है।
चौड़ीकरण का प्रस्ताव पड़ा ठंडा
शहर की इसी ट्रैफिक अव्यवस्था को लेकर पूर्व में सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव बनाया गया था। इससे पुराना शनि मंदिर से सुभाष चौक और सुभाष चौक से कोतवाली मार्ग होते हुए हंडी चौक मार्ग पर चौड़ीकरण किया जाना था। इससे शहर के मुख्य स्थल पर होने वाले जाम की समस्या से निजात मिल सकती थी, लेकिन निगम ने इस प्रस्ताव को ही ठंडे बस्ते में डाल दिया।
Published on:
6 Jul 2018, 1:01 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.