27 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Breaking News: रायगढ़ में बड़ा हादसा: सगाई से लौट रही पिकअप खाई में गिरी, 4 लोगों की मौत, 20 घायल

Breaking News: 4 people died after a pickup fell into a ditch

(प्रतीकात्मक तस्वीर)

Breaking News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सगाई समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरी तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना कापू थाना क्षेत्र के मड़वाताल-जमरगा मार्ग की है।

सगाई समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बंगरसुता गांव के ग्रामीण कापू के समीप स्थित गोसाईपोड़ी गांव में सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वे रणविजय राठिया के घर आयोजित फलदान कार्यक्रम में पहुंचे थे। दिनभर कार्यक्रम में शामिल रहने के बाद सभी लोग शाम लगभग 7 बजे पिकअप वाहन से अपने गांव के लिए रवाना हुए।

रात करीब 8 बजे जब वाहन मड़वाताल–जमरगा मार्ग पर पहुंचा, तभी तेज रफ्तार पिकअप अचानक बेकाबू हो गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार वाहन के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों और पुलिस ने चलाया राहत अभियान

जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को तत्काल कापू अस्पताल पहुंचाया गया।

इलाज के दौरान चार की मौत

अस्पताल में उपचार के दौरान बंगरसुता निवासी कालाराम राठिया और छतरसिंह राठिया समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई। वहीं नीरज राठिया, देवेंद्र, बालसिंह, रामकुमार, गाढ़ाराम राठिया, विपल राम राठिया, राशीराम राठिया, सुमेंद्र राठिया और विजय राठिया सहित लगभग 18 लोग घायल हुए हैं।

घायलों में कुछ के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि कुछ के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को धर्मजयगढ़ अस्पताल रेफर किया गया। इनमें से 8 से 10 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।

चालक मौके से फरार

हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चुरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

जांच शुरू, मर्ग कायम

पुलिस के अनुसार, पिकअप में सवार सभी लोग राठिया समाज के थे और सगाई कार्यक्रम से लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका जताई गई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है। दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। खुशियों से भरा एक समारोह अचानक शोक में बदल गया।