
आपसी रंजिश में खूनखराबा! रायगढ़ में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या, दो की हालत गंभीर(photo-patrika)
CG Murder News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के अंतिम छोर पर स्थित डोंगरीपाली थाना क्षेत्र के ग्राम झाल में सोमवार तड़के दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक ही परिवार के पांच सदस्यों पर करीबी रिश्तेदार ने टांगिया (धारदार हथियार) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय कुमार साय सारथी अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। तड़के करीब 4 बजे पड़ोस में रहने वाला उनका रिश्तेदार तुलसी दास सारथी (33) टांगिया लेकर घर में घुस आया और सो रहे परिवारजनों पर हमला कर दिया। हमले में कुमार साय सारथी, उनकी पत्नी मंदोबाई सारथी, बेटा राजेश सारथी, बहू सजुक्ता सारथी और 9 वर्षीय बच्चे को गंभीर चोटें आईं।
घटना में मंदोबाई सारथी और राजेश सारथी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल 9 वर्षीय बच्चे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। कुमार साय सारथी और सजुक्ता सारथी का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपी तुलसी दास सारथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।
Published on:
24 Feb 2026 02:02 pm
