18 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Road Accident: बेकाबू ट्रेलर की ठोकर से पिता-पुत्र की मौत, इलाज कराने रायगढ़ जा रहे थे, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Road Accident: मंगलवार को सुबह एक युवक अपनी पत्नी व दो बच्चों को बाइक में बैठाकर रायगढ़ उपचार कराने आ रहा था। इस दौरान पीछे से आ रही एक बेकाबू ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी।

2 min read
Google source verification
Road-accident

सड़क हादसा फाइल फोटो

Road Accident: मंगलवार को सुबह एक युवक अपनी पत्नी व दो बच्चों को बाइक में बैठाकर रायगढ़ उपचार कराने आ रहा था। इस दौरान पीछे से आ रही एक बेकाबू ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे पिता-पुत्र की मौके पर मौत हो गई तो वहीं उसकी पत्नी व एक बच्चे को हल्की चोट आई है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। उक्त घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र की है।

जानें कैसे हुआ दर्दनाक हादसा

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के महुआ चौक तुमीडीह के पठानपारा निवासी मोहम्मद अशरफ कुरैशी (32 वर्ष) के आठ वर्षीय बेटा मोहम्मद अल्ताफ कुरैशी की तबीयत खराब होने से मंगलवार की दोपहर करीब १२ बजे अपनी पत्नी व छोटे बेटे को लेकर इलाज कराने रायगढ़ आने के लिए निकला था।

पूंजीपथरा मार्ग पर तराईमाल स्थित बंजारी प्लांट के समीप पहुंचा ही था कि तेज रफ्तार से आ रही एक ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक मोहम्मद अशरफ कुरैशी और उसका बीमार बेटा आफताब कुरैशी सड़क में ही गिर गए और ट्रेलर का चक्का चढ़ जाने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी व दूसरा बच्चा दूर जा गिरे। उनको भी चोट आई है।

सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल

घटना के बाद सड़क पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसे देख आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इससे मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पिता-पुत्र के शव को मरच्यूरी में रखते हुए उसकी पत्नी व बच्चे को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। वहीं कुछ ही देर बाद परिजनों के अस्पताल पहुुंचने पर पूंजीपथरा पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गांव में मातम का माहौल

मंगलवार को देर शाम एक साथ पिता-पुत्र का शव जब गांव में पहुंचा तो पूरे पठानपारा में मातम का माहौल बन गया था। वहीं लोगों का कहना था कि एक साथ बाप-बेटे के मौत होने से उसके परिवार के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है, क्योंकि उस घर के मुखिया के मौत होने से रोजी-रोटी की समस्या खड़ी हो जाएगी।

ओवर स्पीड ले रही जान

रायगढ़-पूंजीपथरा मार्ग पर दिन-रात भारी वाहनों की रेलमपेल लगी रहती है। इस बीच भारी वाहन चालक अनियंत्रित गति से वाहनों को चलाते हुए अधिक फेरा के चक्कर में राहगीरों को अपनी चपेट में ले रहे हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं होने के बाद भी इस पर रोक लगाने किसी तरह के उपाय नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे असमय लोग काल के गाल में समा रहे हैं।