
सड़क नहीं तो वोट नहीं का ग्रामीणों ने चस्पा किया पोस्टर
रायगढ़। Raigarh News: विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही लोगों में विकास कार्य नहीं होने को लेकर गुस्सा जाहिर करने लगे हैं। रायगढ़ विधानसभा के गढ़उमरिया के आश्रित गांव खैरडीपा के ग्रामीणों ने गांव के बाहर सड़क नहीं तो वोट नहीं का बैनर गांव के बाहर चस्पा कर दिया है। उनका कहना है कि कई शिकायत के बाद भी गांव की सड़क नहीं बनाई जा सकी है। इसको लेकर वे इस बार विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में विकास नहीं किया गया। यहां तक की गांव की पहुंच मार्ग का निर्माण भी नहीं कराया गया है। मौजूदा समय में यहां के ग्रामीणों को अपने गांव पहुंचने के लिए पगडंडी से होकर जाना पड़ता है। मुख्य सड़क से गांव की दूरी करीब एक किलोमीटर है। इस जर्जर सड़क के रास्ते को पार करने में जितना समय लगता है। उतने में 5 किमी की दूरी तय की जा सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण पिछले कुछ वर्षों में कलेक्टर, सीईओ, जनपद सहित अन्य जगह जाकर अपनी इस समस्या को बताया और सड़क निर्माण किए जाने की मांग की, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो सकी।
बीमार होने पर बढ़ जाती है परेशानी
यहां के ग्रामीण पुनीराम, अजय व अन्य ने बताया कि गांव तक चार पहिया वाहन नहीं पहुंच पाता। ऐसे में जब गांव में कोई बीमार पड़ता है तो काफी परेशानी बढ़ जाती है। सरकारी योजनाओं से चलने वाले वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते। ऐसे में गांव के बीमार को चारपाई व अन्य साधन से वाहन तक लाया जाता है। यह गांव मुख्य मार्ग से करीब डेढ किलोमीटर दूर है। इसके बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
लोग करें मताधिकार का प्रयोग: कलेक्टर
इस मामले को लेकर कलेक्टर कार्तिकेया गोयल का कहना था कि यह मामला उनके सज्ञान में नहीं आया है। वहीं कहा कि समस्या का समाधान चुनाव बहिष्कार करना नहीं है। संबंधित क्षेत्र में जो भी समस्या है उसके निराकरण के लिए जिला प्रशासन है। लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग आवश्यक रूप से करना चाहिए।
Published on:
17 Oct 2023 05:36 pm

बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
