
Video- तीन दिन में हाथी का तीसरा हमला, दो लोग व तीन मवेशी की मौत से दशहत में ग्रामीण
रायगढ़/कुडेकेला. धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज में हाथियों का उत्पात अपने चरम पर है। आलम यह है कि तीन दिन में हाथी ने दो लोग व तीन मवेशियों की जान ले ली है। मिली जानकारी के अनुसार 24 अगस्त की सुबह साढ़े पांच बजे दंतैल हाथी ने एक ग्रामीण महिला की जान ले ली।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार 65 वर्षीय वृद्धा सुमित्रा बाई शौच के लिए अपने घर के समीप बाड़ी में जा रही थी कि अचानक हाथी ने उस पर हमला कर दिया। इससे पहले कि वृद्ध महिला कुछ समझ पाती हाथी ने उसे अपनी सूंढ़ से पकड़कर पटक दिया और कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।
इसके बाद मृतिका के परिजनों को जब इसकी खबर हुई तो वन विभाग सहित पुलिस को इसकी सूचना दी गई। वन अमला और पुलिस स्टाफ मौका पर पहुंच गए और मुआयने की कार्यवाही में जुट गए थे। हादसे की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। जिससे पूरे इलाके में भारी दहशत का माहौल बन गया है।
गौरतलब है कि अभी दो दिन पूर्व छाल वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बांसाझार में हाथी के हमले से एक युवक की मौत हो चुकी है और गुरुवार को ग्राम चुहकीमार में ग्रामवासी बालकराम के तीन मवेशियों के ऊपर हाथी ने हमला किया था। इसमें तीनों मवेशी की मौत हो चुकी है। अभी ये मामला ठंडा नहीं हो पाया था कि शुक्रवार सुबह फिर एक ग्रामीण महिला की जान हाथी ने ले ली।
जारी है संघर्ष जा रही है जान
इस इलाके में हाथी और ग्रामीणों का संघर्ष जारी है। अभी तक जो स्थिति सामने आई है उसमें हाथी ग्रामीणों पर भारी पड़ रहे हैं। हाथियों के हमले से लगातार निर्दोष ग्रामीणों की जान जा रही है। अभी तीन दिनों के भीतर दो लोगों की मौत हो गई लेकिन वनविभाग कोई कारगर कदम नहीं उठा पा रहा है। दहशतजदा और परेशान ग्रामीण अब आक्रोशित होने लगे हैं। बीडीसी राठिया ने बताया पूरे ग्रामवासी भारी आक्रोशित हैं कभी भी उनके सब्र का बांध टूट सकता है। कभी भी जन सैलाब आ सकता है।
Updated on:
24 Aug 2018 06:55 pm
Published on:
24 Aug 2018 06:52 pm
बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
