
इस स्कूल के प्राचार्य बच्चों को लेकर पहुंचे अस्थि कलश यात्रा में, पूछे जाने पर दिया ये जवाब...
कुड़ेकेला. प्रदेश में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के अस्थिकलश को लेकर कई विवाद सामने आ रहे हैं, इसमें भाजपा सरकार के मंत्रियों के हंसी का मामला सामने आया, जिला भाजपा पदाधिकारियों के ठहाके का मामला भी सामने आ चुका है। अब एक और मामला सामने आ गया है। इसमें तो भाजपा मंडल अध्यक्ष के कहने पर प्राचार्य अपने स्कूल के बच्चों को लेकर अस्थि कलश रैली में पहुंच जा रहे हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा गुरुवार की दोपहर खरसिया से चलकर एडू पंचायत होते हुए छाल हाटी की ओर निकली। इस दौरान लोगों ने अस्थि कलश यात्रा के अंतिम दर्शन कर पुष्पांजलि दी। तत्पश्चात कलश यात्रा यहां से आगे बढ़कर छाल पंचायत भवन को आई जहां शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्वायज/ कन्या के सभी छात्र-छात्राओं को प्रभारी प्राचार्य के द्वारा स्कूल से पंचायत भवन ले आया गया था।
आलम यह था कि यहां पर बच्चों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं थी। इस मामले में जब प्राचार्य से पूछा गया तो वो बोले के मंडल अध्यक्ष ने कहा था उपस्थिति अनिवार्य है। जब मामले में बीईओ से पूछा गया तो बीईओ बोले ऐसा कोई आदेश हमने नहीं दिया है, इस प्रकार के कार्यक्रम में बच्चों को ले जाने का प्रावधान नहीं है। ऐसे में एक और बखेड़ा शुरू हो गया है।
-बीजेपी मंडल अध्यक्ष सेवक राम पटेल के कहने पर बच्चों को यहां लाया गया। मंडल अध्यक्ष द्वारा बताया गया कि अटल जी का अस्थि कलश आ रहा है। मौन धारण का कार्यक्रम रखा गया है। आप सभी की उपस्थिति अनिवार्य है- जीएल पटेल, प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छाल
-मुझे हमारे प्रभारी प्राचार्य एल पटेल व लालू ठाकुर, गोपाल डनसेना पंचायत सरपंच के द्वारा बताया गया कि अस्थि कलश आ रहा है। तब जाकर हम लोगों ने सभी बच्चों को लेकर पंचायत भवन पहुंचे जोकि स्कूल से आधा किलो मीटर की दूरी पर स्थित है- रंजीत तिर्की, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या प्रभारी प्राचार्य
-इसकी जानकारी मुझे नहीं थी व किसी ने भी इस प्रकार के कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को लाने ले जाने की बात नहीं कही है। ऐसे कार्यक्रम में बच्चों को ले जाने का प्रावधान नहीं है- एसआर सिदार, विकास खंड शिक्षा अधिकारी, धरमजयगढ़
Published on:
24 Aug 2018 12:46 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
