
2 हाथी शावकों की मौत (photo source- Patrika)
Elephant Calf Death: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा रेंज में दो हाथी शावकों की मौत का मामला सामने आया है। दोनों के शव कुरकुट नदी में मिले हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव लगभग तीन से चार दिन पुराने बताए जा रहे हैं। इस घटना को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य वन्यजीव बोर्ड के सदस्य गोपाल अग्रवाल ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है और मामले की शिकायत दिल्ली में करने की बात कही है।
इससे पहले युवा कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष उस्मान बेग ने भी कलेक्टर और डीएफओ को ज्ञापन देकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की थी। बताया जा रहा है कि वन विभाग को इस घटना की जानकारी बुधवार को मिली। जांच के दौरान सामने आया कि दोनों हाथी शावकों की मौत करंट की चपेट में आने से हुई है।
मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन अब तक किसी भी वनकर्मी पर कार्रवाई नहीं की गई है। जानकारी के अनुसार दोनों शावकों के शव कई दिनों तक नदी में पड़े रहे, फिर भी संबंधित कर्मचारियों को इसकी भनक नहीं लगी। बाद में ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची।
वन्यजीव बोर्ड के सदस्य गोपाल अग्रवाल ने कहा कि इस घटना में लापरवाही बरतने वाले वनकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत आईजीपीएफ को दिल्ली में की जाएगी।उन्होंने यह भी कहा कि करंट लगाकर वन्यजीवों का शिकार किए जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
इस विषय पर वन्यजीव बोर्ड की बैठक में चर्चा भी हुई थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जंगलों में निगरानी व्यवस्था कमजोर होने के कारण शिकारी आसानी से करंट का उपयोग कर वन्यजीवों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। नियमित गश्त और अधिकारियों की मॉनिटरिंग की कमी से वन्यजीवों के साथ-साथ इंसानों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है।
Updated on:
15 Mar 2026 12:30 pm
Published on:
15 Mar 2026 12:29 pm
बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
