
2 करोड़ों की फसल जब्त (photo source- Patrika)
CG ANTF Raid: रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती का बड़ा खुलासा करते हुए कार्रवाई की है। ग्राम आमाघाट में छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में अफीम की फसल और तैयार माल बरामद किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस को 19-20 मार्च की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित जमीन पर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है।
सूचना मिलते ही तमनार थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) सहित कई थानों की टीमों को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर रेड कार्रवाई की, जहां खेत में काम कर रहे दो लोग मौके से भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मार्शल संगा (निवासी खूंटी, झारखंड) बताया।
जांच के दौरान खेतों में बड़े पैमाने पर अफीम की फसल लगी मिली। आरोपी ने बताया कि उसके पास इस खेती के लिए कोई वैध अनुमति नहीं है और उसने झारखंड के दो अन्य साथियों—इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा—के साथ मिलकर यह अवैध खेती की थी। मौके पर आबकारी, एफएसएल, कृषि और राजस्व विभाग की टीमों को बुलाया गया। एफएसएल जांच में फसल को अफीम (ओपियम) की पुष्टि की गई। राजस्व टीम ने बताया कि जिस जमीन पर खेती की गई, वह अलग-अलग खसरों में दर्ज है और कई लोगों के नाम पर है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 60,326 अफीम के पौधे बरामद किए, जिनका कुल वजन लगभग 2877 किलोग्राम आंका गया। इसके अलावा आरोपी के ठिकाने से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 15.10 लाख रुपये बताई गई है। कुल मिलाकर जब्त सामग्री की कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
इस मामले में आरोपी मार्शल संगा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(बी) और 18 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
Published on:
21 Mar 2026 01:47 pm
बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
