
स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (Photo Patrika)
CG News: छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अब वैश्विक स्तर के रिसर्च जर्नल्स तक निशुल्क पहुंच मिलेगी। केंद्र सरकार की वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन योजना के तहत प्रदेश के उच्च शिक्षा संस्थानों को अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक जर्नल्स, रिसर्च पेपर और ई-लाइब्रेरी संसाधन बिना किसी शुल्क मिलेंगे। यह सुविधा दिसंबर से शुरू होने जा रही है।
अब तक छात्रों को इन जर्नल्स के लिए हजारों रुपए खर्च करने पड़ते थे। कई कॉलेज महंगे सब्सक्रिप्शन नहीं ले पाते थे, जिससे शोध कार्य प्रभावित होता था। अब यह बाधा खत्म हो जाएगी।
योजना के तहत प्रदेश के 14 विश्वविद्यालय, 32 इंजीनियरिंग कॉलेज (3 शासकीय, 28 निजी), 380 सामान्य कॉलेज को मुफ्त एक्सेस मिलेगा। इससे 46 हजार तकनीकी छात्र और 9536 शोध स्कॉलर्स सीधे लाभान्वित होंगे। बीटेक और एमटेक छात्रों को उनके प्रोजेक्ट्स और रिसर्च के लिए विश्वस्तरीय सामग्री घर बैठे मिल पाएगी। आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को इसका सबसे अधिक फायदा होगा।
विद्यार्थी और शोधार्थी दुनियाभर के प्रकाशकों के 13,000+ ई-जर्नल्स वैज्ञानिक शोध, पेटेंट डेटा, तकनीकी रिसोर्स और संदर्भ सामग्री एक क्लिक में प्राप्त कर सकेंगे। पूरा सिस्टम ऑनलाइन रहेगा।
छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू), हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग, कामधेनु विश्वविद्यालय सहित सभी राज्य और निजी विश्वविद्यालय इस योजना के दायरे में आ जाएंगे। इन संस्थानों को अब महंगी सब्सक्रिप्शन फीस नहीं चुकानी पड़ेगी, जिससे बजट पर भी दबाव कम होगा।
वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन केंद्र सरकार की प्रभावी पहल है। इससे शोधार्थी और विद्यार्थी बिना शुल्क के विश्वस्तरीय जर्नल्स पढ़ सकेंगे, जो पहले सिर्फ आईआईटी और एनआईटी जैसे चुनिंदा संस्थानों तक सीमित थे।
डॉ. रामकृष्ण राठौरडीन, सेंट्रल रिसर्च कमेटी, आरसीईटी
Updated on:
01 Nov 2025 02:47 pm
Published on:
01 Nov 2025 02:47 pm
