
Bhima Mandavi Case
रायपुर. Bhima Mandavi Case: दंतेवाड़ा बीजेपी विधायक भीमा मंडावी (Bhima Mandavi) हत्या मामले की जांच कर रही न्यायिक जांच आयोग की अगली सुनवाई 12 अक्टूबर को होगी। आयोग द्वारा पहली सुनवाई आज निर्धारित थी, लेकिन गवाहों की अनुपस्थिति के कारण नहीं हो सकी।
आयोग ने बयानों के परीक्षण के लिए आज 11 लोगों को बुलाया था। इनमें से 5 लोगों ने दंतेवाड़ा विधानसभा उपचुनाव (Dantewada Bypolls) में व्यस्तता के चलते आज उपस्थित होने में असमर्थता जाहिर करते हुए किसी अन्य दिन सुनवाई करने का आयोग से निवेदन किया था।
वहीं 3 लोग सड़क दुर्घटना में घायल हो जाने के कारण आज सुनवाई में उपस्थित नहीं हो सके। विशेष न्यायिक जांच आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति सतीश के. अग्निहोत्री, छत्तीसगढ़ के उपमहाधिवक्ता और आयोग के सलाहकार रजनीश सिंह बघेल, आयोग के सचिव अरविन्द कुमार एक्का तथा जांच अधिकारी धीरेन्द्र कुमार पटेल सुनवाई के लिए आज रायपुर पहुंचे थे।
बतादें कि इसी साल 9 अप्रैल को दंतेवाड़ा के तत्कालीन विधायक भीमा मंडावी के काफिले पर श्यामगिरी मार्ग में नक्सलियों द्वारा किए गए बारूदी सुरंग विस्फोट में उनकी और चार सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई थी। राज्य सरकार ने इस घटना की जांच के लिए राज्य शासन द्वारा सिक्किम उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधिपति, न्यायमूर्ति सतीश के. अग्निहोत्री की अध्यक्षता में विशेष न्यायिक जांच आयोग का गठन किया गया है।
Published on:
4 Sep 2019, 5:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.